केतन हत्याकांड : आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
केतन हत्याकांड : आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुणे (महाराष्ट्र), तीन जुलाई (भाषा) पुणे की एक अदालत ने शुक्रवार को 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की हत्या के मामले में सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गोयल (20) और चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले में एक चट्टान से धक्का देकर अग्रवाल की हत्या की। अग्रवाल और गोयल की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी।
पुलिस हिरासत की अवधि खत्म होने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट ए.एम. विभूते के समक्ष पेश किया गया।
अभियोजन पक्ष ने पुलिस हिरासत को तीन दिन और बढ़ाने का अनुरोध किया। उन्होंने दलील दी कि गोयल और चौधरी के मोबाइल फोन से मिले डेटा में इशारों और कोड वाली भाषा में बातचीत थी, और उस बातचीत का मतलब समझने के लिए उनसे हिरासत में और पूछताछ करना जरूरी है।
गोयल और चौधरी के वकीलों ने इस अर्जी का विरोध करते हुए कहा कि पुलिस को मामले की जांच के लिए पहले ही काफी समय दिया जा चुका है और अब हिरासत में लेकर पूछताछ करने की कोई जरूरत नहीं है।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद, अदालत ने अभियोजन पक्ष की अर्जी को खारिज कर दिया और आरोपियों को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप

Facebook


