महाराष्ट्र विधानपरिषद की एक समिति ने कुणाल कामरा को 17 फरवरी को तलब किया
महाराष्ट्र विधानपरिषद की एक समिति ने कुणाल कामरा को 17 फरवरी को तलब किया
मुंबई, चार फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र विधानपरिषद की विशेषाधिकार समिति ने कॉमेडियन कुणाल कामरा और शिवसेना (उबाठा) नेता सुषमा अंधारे को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के मामले में सुनवाई के लिए तलब किया है।
विशेषाधिकार समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा के विधानपरिषद सदस्य प्रसाद लाड ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कामरा और अंधारे को 15 दिन पहले नोटिस जारी किया गया था।
उन्होंने बताया कि उन्हें बृहस्पतिवार अपराह्न दो बजे समिति के समक्ष सुनवाई के लिए उपस्थित होने को कहा गया था, लेकिन उन दोनों ने इस तिथि पर हाजिर होने में असमर्थता जताई थी, इसके मद्देनजर उन्हें 17 फरवरी को पेश होने को कहा गया है।
लाड ने कहा, ‘‘कामरा ने पांच फरवरी को समिति के समक्ष उपस्थित होने में अपनी असमर्थता आज व्यक्त की। इसलिए अब उन्हें 17 फरवरी को पेश होने को कहा गया है।’’
लाड ने बताया कि विधान परिषद के सभापति राम शिंदे के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी के एक मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) कार्यकर्ता सूर्यकांत मोरे को बुधवार (चार फरवरी) को समिति के सामने पेश होने के लिए कहा गया था। हालांकि, मोरे ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भारी यातायात जाम का हवाला दिया, इसके बाद उन्हें 16 फरवरी की अगली तारीख दी।
समिति को तीन अनिवार्य सुनवाई करनी होती है और तीनों ही पहली सुनवाई में अनुपस्थित रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि दो बार समन मिलने के बाद भी वे उपस्थित नहीं होते हैं, तो समिति उनके खिलाफ कार्रवाई का फैसला करेगी।’’
लाड ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया, उन्होंने (कामरा और अंधारे ने) अपराध किया है और हमारे उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का अपमान किया है। समिति के समक्ष बयान देने के बाद, हम उन्हें उनके वीडियो दिखाएंगे और सुनवाई रिकॉर्ड की जाएगी।’’
भाजपा के विधानपरिषद सदस्य प्रवीण दारेकर ने शिवसेना नेता शिंदे के बारे में ‘‘अपमानजनक टिप्पणी’’ के लिए कामरा और अंधारे के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था। शिवसेना, भाजपा-नीत महायुति का घटक दल है।
अक्सर अपने सत्ता-विरोधी विचारों के कारण विवादों में रहने वाले कामरा ने पिछले साल एक पैरोडी गीत में शिंदे को निशाना बनाया था, जिसमें उन्होंने बिना नाम लिये परोक्ष रूप से उन्हें गद्दार कहा था।
विपक्षी शिवसेना (उबाठा) नेता अंधारे ने कामरा का समर्थन किया था।
भाषा सुरेश पवनेश
पवनेश

Facebook


