लोकसभा विवाद: राउत ने बिरला के दावे को खारिज किया, ‘हास्यास्पद’ बताया
लोकसभा विवाद: राउत ने बिरला के दावे को खारिज किया, ‘हास्यास्पद’ बताया
मुंबई, छह फरवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के इस दावे को शुक्रवार को खारिज कर दिया कि उन्हें ऐसी जानकारी मिली थी कि कांग्रेस सांसद सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सीट के पास पहुंचकर ‘‘किसी अप्रत्याशित घटना’’ को अंजाम देना चाहते थे।
राउत ने बिरला के इस दावे को ‘‘हास्यास्पद’’ करार दिया।
राउत ने पत्रकारों से बातचीत में केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि मौजूदा सरकार की वजह से देश खतरे में है।
राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के कारण देश ‘‘गुलाम’’ बन गया है।
भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बनी है, जिसके तहत वाशिंगटन भारतीय वस्तुओं पर लगने वाले शुल्क को मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर देगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद यह जानकारी दी थी।
बिरला ने बृहस्पतिवार को कहा था कि बुधवार को कांग्रेस के कई सदस्य सदन के नेता की सीट के पास पहुंचकर किसी अप्रत्याशित घटना को अंजाम देना चाहते थे, इसलिए उनके अनुरोध पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सदन में नहीं आए।
लोकसभा की बैठक विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण तीन बार के स्थगन के बाद बृहस्पतिवार की अपराह्न तीन बजे पुन: शुरू हुई तो बिरला ने कहा था, ‘‘कल सदन के नेता (प्रधानमंत्री मोदी) को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर जवाब देना था। मेरे पास ऐसी पुख्ता जानकारी थी कि कांग्रेस पार्टी के कई सदस्य नेता सदन की सीट पर पहुंचकर किसी भी अप्रत्याशित घटना को अंजाम दे सकते थे। मैंने यह दृश्य सदन में देखा भी। अगर ऐसी घटना हो जाती, तो यह अत्यंत अप्रिय दृश्य देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को तार-तार कर देता।’’
राउत ने कहा, ‘‘हम मोदी से पहले संसद में रहे हैं और इसके नियमों से वाकिफ हैं। कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम में सबसे बड़े बलिदान दिए और संसद जैसी लोकतांत्रिक संस्था की नींव रखी। अगर कोई यह कहता है कि संसद में प्रधानमंत्री मोदी को खतरा है, तो यह निराधार और बेतुकी बात है।’’
उन्होंने कहा कि आतंकी हमलों में कांग्रेस पार्टी ने अपने पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को खो दिया।
राउत ने कहा, ‘‘यह कहना हास्यास्पद है कि सांसदों के सदन के आसन के निकट आने से प्रधानमंत्री की सुरक्षा को कोई खतरा पैदा हो गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह एक कायर सरकार है।’’
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


