यातायात जाम जैसी चिंता बारिश प्रभावित किसानों के लिए भी दिखाए महाराष्ट्र सरकार: प्याज उत्पादक संगठन
यातायात जाम जैसी चिंता बारिश प्रभावित किसानों के लिए भी दिखाए महाराष्ट्र सरकार: प्याज उत्पादक संगठन
नासिक, 11 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के एक प्याज उत्पादक संगठन ने शनिवार को राज्य सरकार से आग्रह किया कि वह बारिश से प्रभावित किसानों के लिए भी वैसी ही तत्परता दिखाए, जिस तरह वह हाल ही में मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हुए भूस्खलन जैसी यातायात बाधाओं के समय दिखाती है।
महाराष्ट्र राज्य प्याज उत्पादक संगठन के अध्यक्ष भारत दिघोले ने एक बयान में कहा कि भारी बारिश के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा पर तुरंत ध्यान दिया जाता है, लेकिन बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं और फसलों की गिरती कीमतों के कारण किसानों को होने वाले वित्तीय नुकसान पर शायद ही कभी ऐसी चिंता दिखाई जाती है।
दिघोले ने मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भूस्खलन के कारण यातायात में आई बाधा को भारी बारिश से उत्पन्न एक अस्थायी समस्या बताते हुए कहा कि बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं या प्राकृतिक आपदाओं के दौरान ऐसी घटनाएं हो सकती हैं।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, सड़कों, पुलों, सुरंगों और अन्य बुनियादी ढांचों में किया गया निवेश अंततः संपर्क में सुधार करके और परिवहन के समय व लागत को कम करके किसानों सहित जनता को लाभान्वित करता है।
दिघोले ने स्पष्ट किया कि संगठन किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा नहीं है और वह किसानों के कल्याण संबंधी उपायों का समर्थन करना जारी रखेगा।
उन्होंने कहा, ‘महाराष्ट्र के विकास के लिए शहर और गांव दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। शहरी निवासियों को होने वाली असुविधा के साथ-साथ किसानों की पीड़ा पर भी उतनी ही ईमानदारी से सुनवाई की जानी चाहिए।’
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन

Facebook


