महाराष्ट्र: रायगढ़ में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेता राजस्व अधिकारी गिरफ्तार

महाराष्ट्र: रायगढ़ में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेता राजस्व अधिकारी गिरफ्तार

महाराष्ट्र: रायगढ़ में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेता राजस्व अधिकारी गिरफ्तार
Modified Date: May 20, 2026 / 03:59 pm IST
Published Date: May 20, 2026 3:59 pm IST

ठाणे, 20 मई (भाषा) महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भ्रष्टाचार- निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भूमि अभिलेख में नाम दर्ज करने के एवज में कथित तौर पर 30,000 रुपये की रिश्वत लेते राजस्व विभाग के 49-वर्षीय एक अधिकारी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एक व्यक्ति और उसकी पत्नी ने पनवेल के गावदेवी पाड़ा में एक जमीन खरीदी थी, जिसे दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) कराना था।

एसीबी की पुलिस उपाधीक्षक सरिता आई. एस. भोसले ने बताया कि जब उक्त व्यक्ति ने इस काम के लिए राजस्व मंडल अधिकारी से संपर्क किया, तो आरोपी ने भूमि स्वामित्व अभिलेख में आवश्यक प्रविष्टि के एवज में कथित तौर पर 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी।

सरिता भोसले ने बताया, ‘‘बातचीत के बाद, आरोपी ने रिश्वत की राशि कम कर दी और 30,000 रुपये लेने पर सहमत हो गया।’’

पीड़ित पति-पत्नी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, और उन्होंने इस संबंध में एसीबी की रायगढ़ इकाई में शिकायत दर्ज कराई।

सरिता भोसले ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एसीबी के अधिकारियों ने मंगलवार को पनवेल तहसील कार्यालय में जाल बिछाया। इस दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अधिकारी को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में