ठाणे में सरकारी कार्यक्रम में बजा ‘वंदे मातरम्’ का गैर-आधिकारिक संस्करण, शिंदे ने जताई नाराजगी

ठाणे में सरकारी कार्यक्रम में बजा ‘वंदे मातरम्’ का गैर-आधिकारिक संस्करण, शिंदे ने जताई नाराजगी

ठाणे में सरकारी कार्यक्रम में बजा ‘वंदे मातरम्’ का गैर-आधिकारिक संस्करण, शिंदे ने जताई नाराजगी
Modified Date: August 18, 2026 / 08:47 pm IST
Published Date: August 18, 2026 8:47 pm IST

ठाणे, 18 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में ठाणे में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब राष्ट्रीय गीत के आधिकारिक संस्करण के बजाय दिग्गज गायिका लता मंगेशकर द्वारा गाया गया एक हिंदी गीत बजा दिया गया जिसमें ‘वंदे मातरम्’ का उल्लेख था।

सोमवार शाम हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

यह कार्यक्रम ठाणे शहर में कैब और ऑटो-रिक्शा चालकों के लिए चलाए गए मराठी भाषा पाठ्यक्रम के समापन के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस दौरान गैर-मराठी पृष्ठभूमि वाले सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत में ‘साउंड सिस्टम’ पर आधिकारिक राष्ट्रीय गीत के बजाय महान गायिका लता मंगेशकर द्वारा गाया गया एक निजी एलबम का गीत बजा दिया गया, जिसमें ‘वंदे मातरम्’ की धुन थी।

कार्यक्रम के समापन पर शिंदे ने आयोजकों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में केवल संसद द्वारा स्वीकृत ‘वंदे मातरम्’ का आधिकारिक संस्करण ही बजाया जाए।

भाषा खारी पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में