महाराष्ट्र टीईटी प्रश्नपत्र : उप्र में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया
महाराष्ट्र टीईटी प्रश्नपत्र : उप्र में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया
ठाणे, पांच जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र पुलिस ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के कथित प्रश्नपत्र लीक मामले में उत्तर प्रदेश से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है, जिससे हिरासत में लिए गए व्यक्तियों की कुल संख्या 10 हो गई है। अधिकारियों ने रविार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राज्य द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने शुक्रवार को आगरा स्थित एक निजी मुद्रण कंपनी के कर्मचारी नरेश कुमार महोरे, संजयकुमार शर्मा और बाबूलाल कुशवाहा को गिरफ्तार किया।
उन्होंने कहा कि आरोप है कि इन तीनों ने प्रश्नपत्रों की छपाई प्रक्रिया के दौरान इन्हें एक सुरक्षित केंद्र से बाहर निकाला। पुलिस ने शर्मा के पास से तीन कारतूस भी बरामद किए।
उन्हें शनिवार को ठाणे जिले के भिवंडी लाया गया, जहां कथित प्रश्नपत्र लीक का मामला पहली बार सामने आया था। एक मजिस्ट्रेट ने उन्हें नौ जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि इन गिरफ्तारियों के साथ अब तक कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है।
अधिकारी ने बताया कि एसआईटी फिलहाल वित्तीय और डिजिटल सुरागों का पता लगाकर संदिग्ध सरगनाओं बृजेंद्र कुमार गुप्ता और सोनुकुमार किशनलाल को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
टीईटी 2026 को 27 जून को परीक्षा होने से एक दिन पहले तब स्थगित कर दिया गया था, जब ठाणे जिले की पुलिस ने इसके प्रश्नपत्र का एक हिस्सा लीक होने का पता लगाया और तीन लोगों को गिरफ्तार किया।
एसआईटी ने खुलासा किया था कि यह गिरोह दिल्ली, आगरा, बिहार और हरियाणा तक फैला हुआ था।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप

Facebook


