महाराष्ट्र विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला; जांच के बाद अफवाह घोषित

महाराष्ट्र विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला; जांच के बाद अफवाह घोषित

महाराष्ट्र विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला; जांच के बाद अफवाह घोषित
Modified Date: June 29, 2026 / 10:28 pm IST
Published Date: June 29, 2026 10:28 pm IST

मुंबई, 29 जून (भाषा) मुंबई स्थित महाराष्ट्र विधानमंडल परिसर और अन्य प्रमुख प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर की व्यापक तलाशी ली, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह 8:11 बजे मिले इस ईमेल में नरीमन पॉइंट स्थित विधान भवन परिसर में दोपहर 1:11 बजे बम धमाका करने की चेतावनी दी गई थी। इसमें एक अज्ञात मेट्रो स्टेशन, राज्य सचिवालय और बीएसई को भी संभावित निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिसके बाद अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।

हालांकि शुक्रवार को छुट्टी का दिन था, लेकिन पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत विधान भवन परिसर की गहन तलाशी ली।

विस्तृत जांच के बाद अधिकारियों ने बम की इस धमकी को अफवाह घोषित कर दिया।

इस उच्च सुरक्षा वाले परिसर की सोमवार को दोबारा तलाशी ली गई, जहां वर्तमान में राज्य विधानमंडल का मानसून सत्र चल रहा है।

पुलिस ने कहा कि विधानमंडल परिसर को इस तरह की धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले के एक सत्र के दौरान भी इसी तरह का बम की धमकी वाला ईमेल मिला था।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है।

भाषा सुमित माधव

माधव


लेखक के बारे में