विशाखापत्तनम में 18,19 फरवरी को प्रमुख नौसैनिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, मुर्मू और राजनाथ शामिल होंगे
विशाखापत्तनम में 18,19 फरवरी को प्रमुख नौसैनिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, मुर्मू और राजनाथ शामिल होंगे
अमरावती (आंध्र प्रदेश), दो फरवरी (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 18 और 19 फरवरी को विशाखापत्तनम में आयोजित होने वाले प्रमुख नौसैनिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
इन दोनों कार्यक्रमों ‘इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू (आईएफआर)’ और ‘मिलन-2026’ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पूर्वी नौसेना कमान (ईएनसी) के ‘चीफ ऑफ स्टाफ’ वाइस एडमिरल सुशील मेनन ने यहां मुख्य सचिव से मुलाकात कर लॉजिस्टिक्स, सुरक्षा तथा समन्वय से जुड़े प्रबंधों के बारे में चर्चा की।
एक प्रेस विज्ञप्ति में आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव के. विजय आनंद ने बताया कि 18 फरवरी को होने वाले इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू शामिल होंगे, जबकि 19 फरवरी को मिलन-2026 कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में विभिन्न देशों के जहाज, विमान और प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
नौसेना के अधिकारियों ने मुख्य सचिव को बताया कि श्रीलंका और ईरान समेत 19 देशों के जहाज और करीब 4,000 विदेशी प्रतिनिधि इन कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा अमेरिका, जर्मनी और फ्रांस के तीन जहाज और लगभग 150 प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यक्रमों में करीब 90 जहाज, 45 विमान और लगभग 600 भारतीय प्रतिनिधि भाग लेंगे। भाषा जोहेब संतोष
संतोष

Facebook


