मुंबई के संगीत समारोह में मादक पदार्थ के अत्यधिक सेवन से मौत: कल्याण से एक व्यक्ति गिरफ्तार

मुंबई के संगीत समारोह में मादक पदार्थ के अत्यधिक सेवन से मौत: कल्याण से एक व्यक्ति गिरफ्तार

मुंबई के संगीत समारोह में मादक पदार्थ के अत्यधिक सेवन से मौत: कल्याण से एक व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: April 17, 2026 / 09:02 pm IST
Published Date: April 17, 2026 9:02 pm IST

मुंबई, 17 अप्रैल (भाषा) मुंबई के गोरेगांव में एक संगीत समारोह के दौरान अधिक मात्रा में मादक पदार्थों के कथित सेवन से दो लोगों की मौत के मामले में पड़ोसी जिले ठाणे के कल्याण से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभ अग्रवाल (21) के रूप में की, जो एक अन्य आरोपी प्रतीक पांडे के संपर्क में था और कथित तौर पर संगीत समारोह स्थल पर मादक पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था।

अधिकारी ने बताया, “अग्रवाल का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उसे पुलिस हिरासत में भेजा गया है। अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें पांच कथित मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता और तीन लोग संगीत समारोह के आयोजन से जुड़े हैं। जांच के तहत अब तक 12 लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।”

उन्होंने बताया कि 11 अप्रैल को आयोजित संगीत समारोह के दौरान कथित तौर पर अधिक मात्रा में शराब और मादक पदार्थ लेने के बाद एमबीए के दो छात्रों एक युवक और एक युवती की मौत हो गई। दोनों की मौत 12 अप्रैल को हुई, जबकि एक अन्य छात्र का बॉम्बे अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।

पीड़ित करीब 20 से 22 छात्रों के एक समूह का हिस्सा थे, जो इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उनमें से कुछ ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से पहले ही मादक पदार्थों का सेवन किया था, जबकि संगीत समारोह के दौरान शराब भी पी थी।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में