ठाणे में 21 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद, तीन लोग गिरफ्तार
ठाणे में 21 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद, तीन लोग गिरफ्तार
ठाणे, छह मई (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने तीन लोगों के पास से 21.4 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
कल्याण के वाडेघर में मंगलवार को एक कूड़ा स्थल के पास गश्त के दौरान पुलिस के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) की एक टीम ने बोरी लिए हुए तीन व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियां देखी।
कल्याण संभाग के पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे ने मंगलवार शाम पत्रकारों से कहा, ‘‘एएनसी की टीम को देखकर संदिग्धों ने भागने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर पीछा करने के बाद उन्हें पकड़ लिया गया। उनके बैग की तलाशी लेने पर 21.4 लाख रुपये मूल्य का 107.5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।’’
पुलिस ने उनके मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की, जिनकी कुल कीमत 51,500 रुपये है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान ठाणे जिला निवासी वसीम नूरुजामा खान उर्फ पीला (36) और दिनेशकुमार सरोज (30) तथा मुंबई निवासी मोहित वर्मा (27) के रूप में हुई।
उनके खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी मुंबई के घाटकोपर थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए थे।
भाषा यासिर मनीषा
मनीषा

Facebook


