एमएलसी चुनाव: शिंदे ने कहा, महायुति सभी 17 सीटों पर जीत हासिल करेगी

एमएलसी चुनाव: शिंदे ने कहा, महायुति सभी 17 सीटों पर जीत हासिल करेगी

एमएलसी चुनाव: शिंदे ने कहा, महायुति सभी 17 सीटों पर जीत हासिल करेगी
Modified Date: June 5, 2026 / 10:11 pm IST
Published Date: June 5, 2026 10:11 pm IST

ठाणे, पांच जून (भाषा) उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि महायुति गठबंधन महाराष्ट्र विधान परिषद की सभी 17 सीटों पर जीत हासिल करेगा, जिनके लिए मतदान 18 जून को होंगे।

शिंदे ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिंदे की शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के सत्तारूढ़ गठबंधन ने पुणे, ठाणे और यवतमाल समेत छह सीटें निर्विरोध जीत ली हैं।

उन्होंने कहा कि नासिक और जलगांव सीटों के लिए बातचीत सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है।

शिंदे ने यहां आनंद आश्रम में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि महायुति गठबंधन सभी 17 सीटों पर जीत हासिल करेगा।

निर्विरोध चुने जाने वालों में रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग निर्वाचन क्षेत्र से राकांपा के अनिकेत तटकरे, ठाणे से शिवसेना के उम्मीदवार रवींद्र फाटक, यवतमाल से शिवसेना के दुष्यंत चतुर्वेदी, वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के अरुण लखानी और पुणे से महायुति समर्थित राकांपा उम्मीदवार विक्रम काकड़े शामिल हैं।

शिंदे ने कहा, कांग्रेस, शिवसेना (उबाठा) और राकांपा (शप) से मिलकर बने महा विकास अघाड़ी में दरार पड़ गई है और विधानसभा एवं स्थानीय निकाय चुनावों में जनता ने उनका प्रदर्शन देख लिया है।

उपमुख्यमंत्री ने व्यंग्य करते हुए कहा कि अघाड़ी में ही गड़बड़ी है।

परिषद के चुनाव 18 जून को होने हैं और मतगणना 22 जून को होगी। इन चुनावों के लिए निर्वाचक मंडल में स्थानीय स्वशासन निकायों के सदस्य शामिल हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि मानसून के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राज्य सरकार भारी बारिश के बीच जान और माल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

शिंदे ने यह भी कहा कि मंत्रियों को उनके संबंधित विभागों, निर्वाचन क्षेत्रों और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में विशिष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

उन्होंने कहा, ‘उनके प्रदर्शन की कड़ी समीक्षा की जाएगी और अगली मंत्रिमंडल बैठक में इस पर चर्चा की जाएगी।’

भाषा तान्या रंजन

रंजन


लेखक के बारे में