मुंबई हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला; जांच के बाद फर्जी निकला
मुंबई हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला; जांच के बाद फर्जी निकला
मुंबई, 14 जून (भाषा) मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्तों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि बाद में यह धमकी झूठी निकली।
साहार पुलिस के अनुसार, शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए ईमेल में हवाई अड्डे को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने हवाई अड्डे और उसके आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच शुरू कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली।
बाद में यह धमकी झूठी पाई गई। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और यह पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं कि ईमेल कहां से भेजा गया था।
उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर हवाई अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


