अजित पवार के विमान हादसे में किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं, लेकिन जांच जरूरी: आठवले

अजित पवार के विमान हादसे में किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं, लेकिन जांच जरूरी: आठवले

अजित पवार के विमान हादसे में किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं, लेकिन जांच जरूरी: आठवले
Modified Date: February 10, 2026 / 09:08 pm IST
Published Date: February 10, 2026 9:08 pm IST

पुणे, 10 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने पिछले महीने दुर्घटनाग्रस्त हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान को लेकर साजिश की आशंका को मंगलवार को खारिज कर दिया लेकिन उन्होंने गहन जांच व दोषियों को सजा देने की मांग की।

विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया था जबकि चार अन्य लोगों की जान चली गयी थी।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक और दिवंगत अजित पवार के भतीजे रोहित पवार द्वारा विमान हादसे को लेकर उठाई गई विभिन्न आशंकाओं का जवाब देते हुए रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) प्रमुख ने कहा कि उन्हें इसमें किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं है।

रोहित पवार ने आरोप लगाया था कि इस विमान हादसे में साजिश की आशंका के पर्याप्त कारण हैं और उन्होंने कई विशेषज्ञ एजेंसियों द्वारा व्यापक जांच की मांग की थी।

आठवले ने पत्रकारों से कहा, “हम इस दुर्घटना की विस्तृत जांच की मांग करते हैं। कुछ लोग साजिश की आशंका जता रहे हैं लेकिन मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई गड़बड़ी थी। शरद पवार साहब ने खुद उसी दिन स्पष्ट किया था कि यह एक दुर्घटना थी।”

उन्होंने विस्तृत जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

आठवले ने कहा, “पायलट को हवाई अड्डे पर उतरने से बचना चाहिए था और इसके बजाय पुणे के लिए उड़ान भरनी चाहिए थी।”

पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास 28 जनवरी को हुए लेयरजेट विमान हादसे में अजित पवार, कैप्टन सुमित कपूर, सह-पायलट कैप्टन शम्भावी पाठक, निजी सुरक्षा अधिकारी विदिप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की मौत हो गई थी।

आठवले ने पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती शरद पवार से मुलाकात भी की।

भाषा जितेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में