जेजुरी में श्रद्धालुओं व विक्रेताओं में विवाद के बीच पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी
जेजुरी में श्रद्धालुओं व विक्रेताओं में विवाद के बीच पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी
मुंबई, दो जून (भाषा) पुणे जिले के मंदिर शहर जेजुरी में पुलिस ने दुकानदारों और विक्रेताओं से अपील की है कि वे श्रद्धालुओं को पूजा सामग्री खरीदने के लिए मजबूर न करें और चेतावनी दी है कि अगर तीर्थयात्रियों को पैसे देने के लिए मजबूर किया गया, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह चेतावनी भगवान खंडोबा को समर्पित मंदिर में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कई शिकायतों के बाद जारी की गई है।
जेजुरी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने स्थानीय स्टॉल मालिकों या विक्रेताओं द्वारा श्रद्धालुओं को भंडारा (चमकीले पीले रंग का हल्दी पाउडर), फूल या मिठाई जैसी वस्तुएं खरीदने के लिए मजबूर करने की घटनाओं का हवाला दिया।
अधिकारी ने कहा कि अगर तीर्थयात्रियों को जबरन भुगतान करने के लिए मजबूर किया जाता है, तो जबरन वसूली की धाराओं को लागू किया जा सकता है।
भक्त महाराष्ट्र के कुलदेवता के रूप में पूजे जाने वाले भगवान खंडोबा का आशीर्वाद लेने आते हैं।
जेजुरी पुलिस स्टेशन के प्रभारी दीपक वाघचौरे ने बताया कि विवादों से बचने के प्रयास में, पुलिस ने स्थानीय विक्रेताओं और स्टॉल मालिकों से श्रद्धालुओं, विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों के साथ व्यवहार करते समय विनम्र रहने को कहा है।
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप

Facebook


