रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी का मामला: आरोपी ने अपनी शादी के लिए जमानत का अनुरोध किया
रोहित शेट्टी के घर पर गोलीबारी का मामला: आरोपी ने अपनी शादी के लिए जमानत का अनुरोध किया
मुंबई, नौ मार्च (भाषा) फिल्मकार रोहित शेट्टी के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार 12 आरोपियों में से एक ने सोमवार को आगरा में होने वाली अपनी शादी में शामिल होने के लिए अस्थायी जमानत दिये जाने का अनुरोध किया है।
महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) अदालत के न्यायाधीश सत्यनारायण नवंदर द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद आरोपी रितिक यादव ने अंतरिम राहत दिए जाने का अनुरोध किया था।
अधिवक्ता दिलीप शुक्ला के माध्यम से दायर याचिका में कहा गया है कि यादव की शादी 11 मार्च को उसके पैतृक स्थान आगरा में होनी है।
शुक्ला ने कहा, ‘‘मामले की सुनवाई मंगलवार को होगी।’’ गोलीबारी की घटना के सिलसिले में गिरफ्तार सभी 12 आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
यादव शूटर दीपक शर्मा समेत उन सात आरोपियों में शामिल है, जिन्हें 14 फरवरी को हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया था।
जुहू स्थित शेट्टी की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर एक फरवरी को कम से कम पांच गोलियां चलाई गईं। एक गोली इमारत के अंदर स्थित जिम के शीशे पर लगी।
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्य शुभम लोनकर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस घटना की जिम्मेदारी ली है।
इस मामले के अलावा, वह राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड और बांद्रा स्थित बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास पर गोलीबारी के मामले में भी वांछित है।
भाषा
संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


