भारतीय वायु सेना के विमान में खराबी आने के बाद बंद पुणे हवाई अड्डे के रनवे पर परिचालन बहाल
भारतीय वायु सेना के विमान में खराबी आने के बाद बंद पुणे हवाई अड्डे के रनवे पर परिचालन बहाल
(तस्वीरों के साथ)
पुणे, 18 अप्रैल (भाषा) भारतीय वायु सेना के एक लड़ाकू विमान में तकनीकी खराबी के कारण रात भर बंद रहने के बाद रनवे को सुरक्षित घोषित किए जाने और परिचालन में लाए जाने के बाद पुणे हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन शनिवार सुबह फिर से शुरू हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुणे हवाई अड्डे के निदेशक संतोष धोके ने मीडिया को दिए एक बयान में कहा कि शुक्रवार रात करीब 10.25 बजे लैंडिंग के दौरान एक लड़ाकू विमान के ‘अंडरकैरेज’ (विमान के नीचे लगी लैंडिंग गियर प्रणाली) में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण रनवे अवरुद्ध हो गया।
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय वायु सेना के वरिष्ठ वायु यातायात नियंत्रण अधिकारी (सीनियर एयर ट्रैफिक कंट्रोल ऑफिसर… सैटको) के अनुसार, विमान निष्क्रिय हो गया था। दोनों पायलट सुरक्षित हैं। विमान की स्थिति और क्षति को देखते हुए सुबह 5:30 बजे तक रनवे को अस्थायी रूप से बंद करने के लिए नोटिस जारी किया गया था, जिसे बाद में सुरक्षित रूप से हटाने, निरीक्षण और मरम्मत के लिए सुबह नौ बजे तक बढ़ा दिया गया।’’
इससे पहले शुक्रवार रात वायुसेना ने कहा था कि उसके एक लड़ाकू विमान से जुड़ी घटना के बाद पुणे हवाईअड्डे का रनवे परिचालन के लिए अस्थायी रूप से उपलब्ध नहीं है। विमान चालक दल सुरक्षित है और किसी नागरिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।
बाद में वायुसेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पुणे हवाईअड्डे का रनवे, जो भारतीय वायुसेना के एक विमान से जुड़ी घटना के कारण अस्थायी रूप से अनुपलब्ध था, अब बहाल कर दिया गया है और परिचालन के लिए चालू घोषित कर दिया गया है। सभी आवश्यक सुरक्षा जांच और मंजूरियां पूरी कर ली गई हैं। उड़ान संचालन चरणबद्ध तरीके से फिर शुरू किया जा रहा है।’’
धोके ने बताया कि भारतीय वायु सेना का विमान सुबह करीब पांच बजकर 45 मिनट पर रनवे से हटा लिया गया था और रनवे को परिचालन के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे से उड़ानें फिर से शुरू हो गईं और सुबह आठ बजे से विमानों का आगमन शुरू हो गया।
बयान के अनुसार, रनवे बंद रहने के दौरान उड़ान संचालन काफी प्रभावित हुआ।
इसमें कहा गया है कि हवाई अड्डे पर आने वाली 12 उड़ानों का मार्ग बदला गया, जबकि विभिन्न एयरलाइनों की 73 उड़ानें रद्द कर दी गईं।
प्रभावित उड़ानों के यात्रियों को पीने का पानी, पेय पदार्थ और हल्का नाश्ता उपलब्ध कराया गया।
विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीएसएफ) और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के दलों ने यात्रियों की सुचारू आवाजाही और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित किया। उड़ानें अब सामान्य रूप से चल रही हैं। एयरलाइंस ने देरी, रद्द होने और मार्ग परिवर्तन के संबंध में यात्रियों से समन्वय किया है।’’
भाषा गोला मनीषा
मनीषा

Facebook


