महाराष्ट्र में गैर-मराठी ड्राइवर को मराठी सिखाने के लिए विशेष अभियान
महाराष्ट्र में गैर-मराठी ड्राइवर को मराठी सिखाने के लिए विशेष अभियान
ठाणे, तीन जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र ने राज्यव्यापी भाषा अभियान शुरू किया है, ताकि गैर-मराठी ऑटो-रिक्शा और टैक्सी ड्राइवर यात्रियों के साथ बेहतर और सम्मानपूर्वक बातचीत कर सकें। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि राज्य परिवहन विभाग और विभिन्न साहित्यिक संस्थाओं की संयुक्त पहल का पहला चरण छह जुलाई को शुरू होगा। इसके तहत कई बड़े शहरों में सत्र आयोजित किए जाएंगे और जुलाई के मध्य में नागपुर में इसका समापन होगा।
पिछले महीने, परिवहन विभाग ने गैर-मराठी ऑटो-रिक्शा और टैक्सी ड्राइवर के लिए 15 अगस्त तक मराठी भाषा में दक्षता का प्रमाणपत्र हासिल करने का निर्देश जारी किया था।
विभाग ने सभी गैर-मराठी ऑटो-रिक्शा और टैक्सी ड्राइवर के लिए चार घंटे का पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य कर दिया है और महाराष्ट्र राज्य मराठी भाषा विभाग, कोंकण मराठी साहित्य परिषद और मुंबई मराठी साहित्य संघ को यह पाठ्यक्रम मुफ़्त में आयोजित करने की मंजूरी दी है।
महाराष्ट्र राज्य साहित्य और संस्कृति मंडल के उपाध्यक्ष और कोंकण मराठी साहित्य परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप धवल ने बताया कि शुरुआती चरण में संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और सोलापुर शामिल होंगे और इन सत्र के दौरान जाने-माने साहित्यकार और शिक्षाविद विशेष मार्गदर्शन देंगे। इसके बाद जुलाई के मध्य तक नासिक, मालेगांव, पुणे, सांगली, कोल्हापुर और नागपुर का दौरा किया जाएगा।
धवल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य स्थानीय भाषा के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी ऑटो और टैक्सी चालक संघों से इसमें सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


