रोहित शेट्टी के आवास पर गोलीबारी के मामले में संदिग्ध शूटर सीसीटीवी कैमरों में दिखा
रोहित शेट्टी के आवास पर गोलीबारी के मामले में संदिग्ध शूटर सीसीटीवी कैमरों में दिखा
मुंबई, तीन फरवरी (भाषा) मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास पर गोली चलाने के मामले में संदिग्ध व्यक्ति को अपराध को अंजाम देने के बाद भागते समय विले पार्ले रेलवे स्टेशन के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में देखा गया। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की कई टीम शूटर और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे काम कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार तड़के करीब 12:45 बजे जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी की नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर कम से कम पांच गोलियां चलीं। इनमें से एक गोली इमारत में स्थित एक जिम के शीशे में लगी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में पुणे से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें पांच फरवरी तक मुंबई पुलिस की हिरासत में भेज दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि जुहू और विले पार्ले इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस ने शूटर को दोपहिया वाहन पर जाते हुए देखा। बाद में उसने विले पार्ले इलाके में सेंट जोसेफ चर्च रोड के पास उस वाहन को छोड़ दिया। इसके बाद वह एक अन्य वाहन संभवतः एक ऑटो-रिक्शा में बैठा, जिससे वह विले पार्ले रेलवे स्टेशन के पास उतर गया।
उन्होंने कहा कि शूटर स्टेशन के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दिखा है, लेकिन उसने चेहरे पर मास्क पहन रखा था।
भाषा जोहेब संतोष
संतोष

Facebook


