मुंबई में लूटपाट की कोशिश के दौरान एक व्यक्ति पर किया गया हमला, मामले में तीन लोग पकड़े गये
मुंबई में लूटपाट की कोशिश के दौरान एक व्यक्ति पर किया गया हमला, मामले में तीन लोग पकड़े गये
मुंबई, पांच जुलाई (भाषा) मुंबई में लूट की कोशिश के दौरान 15-20 लोगों ने कथित तौर पर 24-वर्षीय एक व्यक्ति पर हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि लगभग दो हफ्ते पहले जब हर्ष नाम्बियार अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी से घर लौट रहे थे तब सांताक्रूज़ इलाके में उनके साथ लूटपाट की कोशिश की और उनपर हमला किया गया।
प्राथमिकी का हवाला देते हुए अधिकारी ने बताया कि जब नाम्बियार गोलीबार नाका पहुंचे, तो मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने कथित तौर पर लूटपाट के इरादे से उनकी कार रोकी।
अधिकारी ने बताया कि जब नाम्बियार ने विरोध किया, तो उन लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की।
पुलिस के अनुसार, अन्य कार में यात्रा कर रहे नाम्बियार के दोस्तों में से एक ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब आरोपियों ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद, 15-20 लोगों ने कथित तौर पर नाम्बियार पर हमला किया और फिर वहां से भाग गए।
नाम्बियार ने पुलिस को बताया कि घर पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनकी सोने की चेन गायब है, जिसकी कीमत लगभग 1.75 लाख रुपये थी। उनकी शिकायत पर वाकोला थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को तीन आरोपियों – आकाश वाकर, प्रज्वल पारकर और स्वप्निल नाइक – को गिरफ्तार किया तथा हमले में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
भाषा राजकुमार सुरेश
सुरेश

Facebook


