उद्धव ठाकरे की बैठक में पार्टी के तीन विधायक शामिल नहीं हुए
उद्धव ठाकरे की बैठक में पार्टी के तीन विधायक शामिल नहीं हुए
मुंबई, 22 जून (भाषा) महाराष्ट्र विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र के दौरान महायुति सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा के लिए मुंबई में शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने सोमवार को एक बैठक बुलाई थी, जिसमें पार्टी के कम से कम तीन विधायक शामिल नहीं हुए।
मानसून सत्र के पहले दिन पार्टी कार्यालय ‘शिवालय’ में विधायकों और विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) की यह बैठक तब हुई, जब शिवसेना (उबाठा) के छह सांसद महज 500 मीटर दूर यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में शिंदे के नेतृत्व वाले विरोधी गुट में शामिल हो गए।
एमएलसी सुनील शिंदे, विधायक संजय पोटनिस (कलीना) और राहुल पाटिल (परभणी) बैठक में शामिल नहीं हुए।
पाटिल ने कहा कि वह विधान परिषद चुनावों की मतगणना प्रक्रिया में व्यस्त थे और परभणी में ठाकरे के आगामी दौरे की तैयारियों को देख रहे थे।
सुनील शिंदे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह अपने गृहनगर चिपलूण में थे और मुंबई लौट रहे थे।
पोटनिस ने बैठक में शामिल न होने का कारण नहीं बताया, लेकिन यह साफ किया कि वह शिवसेना (उबाठा) के साथ हैं।
बैठक में शामिल होने के बाद एक विधायक ने बताया कि ठाकरे ने विधायकों से कहा कि वे विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरें, जिनमें ‘अपर्याप्त’ कृषि ऋण माफी शामिल है, और साथ ही कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिलाओं के खिलाफ अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के बढ़ते मामलों का मुद्दा भी उठाएं।
नयी दिल्ली में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) संसदीय दल की एक अहम बैठक में शामिल न होने के पांच दिन बाद, बागी सांसद सोमवार को शिंदे और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए।
शिवसेना (उबाठा) संसदीय दल की बैठक में केवल तीन लोकसभा सदस्य शामिल हुए थे।
भाषा प्रशांत अविनाश
अविनाश

Facebook


