पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गोलीबारी, देसी बम विस्फोटों के सिलसिले में तीन व्यक्ति गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गोलीबारी, देसी बम विस्फोटों के सिलसिले में तीन व्यक्ति गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में गोलीबारी, देसी बम विस्फोटों के सिलसिले में तीन व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: May 21, 2026 / 10:20 pm IST
Published Date: May 21, 2026 10:20 pm IST

मुंबई, 21 मई (भाषा) मुंबई पुलिस ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में इस महीने की शुरुआत में हुई गोलीबारी और देसी बम विस्फोटों की घटना के सिलसिले में वांछित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की इकाई-छह ने यह कार्रवाई की।

अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान शमीम अहमद अब्दुल राशिद उर्फ ‘बोरे’ (40), जमील अख्तर अली (43) और आफताब अनवर खुर्शीद अनवर (44) के रूप में हुई है। तीनों हावड़ा जिले के शिबपुर इलाके के निवासी हैं।

अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि सात मई को करीब 150 लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर अहमद और अन्य के नेतृत्व में, शिबपुर के एक इलाके में हमला किया था। आरोप है कि उन्होंने देसी बम फेंके और अंधाधुंध गोलीबारी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और शिकायतकर्ता समेत चार लोग घायल हो गए।

जांच के दौरान मुंबई पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित तीन आरोपी देवनार इलाके की एकता एसआरए इमारत की आठवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर अपराध शाखा की टीम ने तीनों को पकड़ लिया।

अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकीय जांच के बाद आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंप दिया जाएगा।

भाषा

राखी सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में