नवी मुंबई में पत्थरबाजी के कारण ट्रेन गार्ड घायल, सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित
नवी मुंबई में पत्थरबाजी के कारण ट्रेन गार्ड घायल, सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित
महाराष्ट्र, चार जुलाई (भाषा) नवी मुंबई में जुईनगर स्टेशन के पास चलती ट्रेन पर एक उपद्रवी द्वारा पत्थर फेंके जाने से रेलवे का एक गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे उपनगरीय ट्रेन सेवाएं कुछ देर के लिए बाधित हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यह घटना शुक्रवार सुबह 5.45 बजे सेंट्रल रेलवे नेटवर्क की हार्बर लाइन पर उस समय हुई, जब पनवेल जाने वाली एक ट्रेन जुईनगर स्टेशन के पास पहुंच रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पटरियों के किनारे बैठे एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर एक बड़ा पत्थर फेंका।
पत्थर गार्ड के केबिन की खिड़की तोड़कर गार्ड सुनील कुमार को लगा, जिससे वह घायल होकर गिर पड़े।
अधिकारियों ने बताया कि जुईनगर स्टेशन पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया गया।
हार्बर लाइन पर कुछ समय के लिए ट्रेन सेवा बाधित रही।
वाशी राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 (दूसरों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालने वाला लापरवाह या गैर-जिम्मेदाराना काम) और भारतीय रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपी की पहचान करने के लिए आस-पास की झुग्गियों और जुईनगर स्टेशन क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल कर रही है।
इस बीच, रेलवे के कर्मचारी संगठनों ने इस घटना की निंदा करते हुए आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी तथा ट्रेन कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
भाषा
राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


