पालघर कलेक्टर के नाम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी, झारखंड से दो आरोपी गिरफ्तार
पालघर कलेक्टर के नाम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी, झारखंड से दो आरोपी गिरफ्तार
पालघर (महाराष्ट्र), 13 जून (भाषा) झारखंड के धनबाद से दो लोगों को पालघर जिला कलेक्टर के नाम से फर्जी सोशल मीडिया खाता बनाकर एक स्थानीय निवासी से 50 हजार रुपये की ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस की साइबर शाखा ने आरोपियों से ठगी गई पूरी राशि भी बरामद कर ली है।
पालघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यतीश देशमुख ने बताया कि आरोपियों ने 17 मई को व्हाट्सऐप के जरिए पालघर (पश्चिम) के वागुलसर निवासी शिकायतकर्ता से संपर्क किया और उससे एक बैंक खाते में 50 हजार रुपये हस्तांतरित करने को कहा।
देशमुख ने कहा, ‘‘अज्ञात साइबर ठग ने अपने व्हाट्सऐप प्रोफाइल पर जिला कलेक्टर की तस्वीर लगाई हुई थी और खुद को ‘जिला कलेक्टर इंदु रानी जाखड़’ बताकर पेश किया। उसने शिकायतकर्ता का विश्वास जीतकर उसे एक संदेश भेजा और चैट में दिए गए बैंक खाते में तत्काल 50 हजार रुपये भेजने का अनुरोध किया।’’
शिकायतकर्ता ने उस पर भरोसा करते हुए पैसे भेज दिए। बाद में उसे एहसास हुआ कि जिला कलेक्टर की तस्वीर का इस्तेमाल कर किसी जालसाज ने उसके साथ धोखाधड़ी की है।
उसकी शिकायत के आधार पर साइबर पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
एसपी ने बताया, ‘‘तकनीकी जांच के दौरान साइबर गतिविधियों के डिजिटल सुराग झारखंड तक पहुंचे। इसके बाद पुलिस की एक टीम ने धनबाद जिले में छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।’’
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलवंत कुमार कमल प्रसाद मंडल (26) और राजू कुमार दुखन रवानी (22) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से 50 हजार रुपये की राशि बरामद कर ली गई है। साइबर अपराधियों के इस गिरोह के संबंध में आगे की जांच जारी है।
भाषा गोला शोभना
शोभना

Facebook


