पश्चिम बंगाल में आश्रम के बाहर देसी बम फेंकने के आरोप में मुंबई से दो लोग गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल में आश्रम के बाहर देसी बम फेंकने के आरोप में मुंबई से दो लोग गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल में आश्रम के बाहर देसी बम फेंकने के आरोप में मुंबई से दो लोग गिरफ्तार
Modified Date: May 18, 2026 / 08:01 pm IST
Published Date: May 18, 2026 8:01 pm IST

मुंबई, 18 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक आश्रम के बाहर बम फेंकने की घटना के सिलसिले में मुंबई पुलिस ने यहां पश्चिमी उपनगर के एक रेलवे स्टेशन से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि एक गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस की अपराध खुफिया इकाई ने रविवार को आरोपी रॉकी खान (23) और शहादत सरकार (35) को हिरासत में ले लिया। दोनों 12 मई को हुए इस विस्फोट के बाद से फरार थे।

उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बहरामपुर के रहने वाले ये दोनों आरोपी कोलकाता से मुंबई आ रही गीतांजलि एक्सप्रेस में सवार हैं, जिसके बाद उन्हें बोरीवली रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर एक आश्रम के पास खुले स्थान पर तीन देसी बम फेंके थे, जिनमें से दो बम फट गए थे।

अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन इससे इलाके में तनाव फैल गया था।

इस संबंध में बहरामपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 324(4) और अन्य संबंधित प्रावधानों तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, 1908 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

अधिकारी ने बताया कि बहरामपुर पुलिस का एक विशेष दल मुंबई पहुंचा और इसने दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर भेजे जाने की मंजूरी दे दी।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में