सोलापुर में एक भोजनालय के पास कार में दो ईवीएम मिलीं

सोलापुर में एक भोजनालय के पास कार में दो ईवीएम मिलीं

सोलापुर में एक भोजनालय के पास कार में दो ईवीएम मिलीं
Modified Date: February 8, 2026 / 08:04 pm IST
Published Date: February 8, 2026 8:04 pm IST

मुंबई, आठ फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में एक भोजनालय के पास एक कार में दो इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) मिलीं। अधिकारियों ने रविवार को स्पष्ट किया कि ये ईवीएम “आरक्षित” उपकरण थे।

महाराष्ट्र में शनिवार को सोलापुर समेत 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव हुए।

शनिवार आधी रात के आसपास मोहोल कस्बे में होटल स्वराज्य के पास चुनाव ड्यूटी पर तैनात एक अधिकारी के लिए किराये पर ली गई कार से दो ईवीएम मिलने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई, जिसके चलते कुछ राजनीतिक दलों ने ईवीएम से छेड़छाड़ के आरोप लगाए।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक उम्मीदवार ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता से जुड़े सवाल उठाते हुए इस घटना की गहन जांच की मांग की।

एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही चुनाव अधिकारी, तहसीलदार और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि ईवीएम “आरक्षित” थीं और शनिवार को मतदान के लिए इनका इस्तेमाल नहीं किया गया था।

उन्होंने बताया कि दोनों मशीनें सीलबंद थीं।

अधिकारी ने बताया कि मतदान दर्ज करने के लिए इस्तेमाल की गई सभी ईवीएम को शनिवार रात साढ़े दस बजे तक ‘स्ट्रांग रूम’ में जमा कर दिया गया था।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में