महाराष्ट्र जिला पंचायत चुनावों में मतदाता अजित पवार की विरासत का सम्मान करें : रोहित पवार
महाराष्ट्र जिला पंचायत चुनावों में मतदाता अजित पवार की विरासत का सम्मान करें : रोहित पवार
मुंबई, पांच फरवरी (भाषा) शरद पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को जिला परिषद चुनाव के लिए मतदान करने जा रहे 12 जिलों के मतदाताओं से दिवंगत नेता अजित पवार को याद करने और उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए राकांपा का समर्थन करने की अपील की।
राकांपा (शप) और राकांपा सात फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनाव मिलकर लड़ रही हैं। दोनों दल राकांपा के चुनाव चिह्न घड़ी पर चुनाव लड़ रहे हैं।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार राकांपा के अध्यक्ष थे जिनकी मौत 28 जनवरी को बारामती के नजदीक एक विमान हादसे में हो गई। अजित पवार के निधन के बाद, उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
रोहित पवार ने सोशल मीडिया मंच पर एक पोस्ट में कहा कि अजित पवार की दुखद मृत्यु उस समय हुई जब वे चुनाव प्रचार के लिए यात्रा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह घटना चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में हुई जबकि मतदान की तारीख पांच फरवरी निर्धारित थी। राजकीय शोक के कारण इसे बढाकर सात फरवरी कर दिया गया था।
अजित पवार ने कहा कि पूर्व निर्धारित योजना के बावजूद अजित ‘दादा’ के निधन के कारण परिवार का कोई भी सदस्य चुनाव प्रचार नहीं कर सका।
अहिल्यानगर जिले के कर्जत-जामखेड विधानसभा क्षेत्र से विधायक रोहित पवार ने चुनाव वाले सभी जिलों के मतदाताओं से अजित पवार के विचारों का समर्थन करने का आग्रह किया और इसे ‘सही समय पर’ दिवंगत नेता को दी जाने वाली सच्ची श्रद्धांजलि बताया।
महाराष्ट्र के 12 जिला परिषदों रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर में सात फरवरी को मतदान होगा। इसी दिन इन जिलों की 125 पंचायत समितियों के लिए भी चुनाव होगा।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश

Facebook


