शादी की खुशी को ग्रामीणों के लिए स्थायी सुरक्षा में बदलना चाहते है हम: नांदेड़ का परिवार

शादी की खुशी को ग्रामीणों के लिए स्थायी सुरक्षा में बदलना चाहते है हम: नांदेड़ का परिवार

शादी की खुशी को ग्रामीणों के लिए स्थायी सुरक्षा में बदलना चाहते है हम: नांदेड़ का परिवार
Modified Date: June 28, 2026 / 11:43 pm IST
Published Date: June 28, 2026 11:43 pm IST

नांदेड़, 28 जून (भाषा) महाराष्ट्र में नांदेड़ जिले के एक परिवार ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ के हालिया संस्करण में उनकी शादी की अनोखी पहल की तारीफ़ किए जाने के बाद वे बहुत खुश और अभिभूत हैं।

यह पहल 20 मई को सिद्धेश्वर पेटकर की शादी के दौरान की गई। परिवार ने ‘रिटर्न गिफ्ट’ या शादी के दूसरे खर्चों पर बहुत ज़्यादा पैसे खर्च करने के बजाय, बहादुरपुरा गांव के हर निवासी का दुर्घटना बीमा कराने का फ़ैसला किया।

यह विचार सिद्धेश्वर और उनके बड़े भाई अनूप पेटकर का था। इस पहल के तहत, 3,465 ग्रामीणों का एक-एक लाख रुपये का दुर्घटना बीमा किया गया, जिससे कुल मिलाकर 33.6 करोड़ रुपये से ज़्यादा का बीमा कवर बना।

इस पहल के पीछे की वजह बताते हुए अनूप पेटकर ने कहा कि परिवार चाहता था कि शादी की खुशी पूरे गांव के लिए लंबे समय तक रहने वाली सुरक्षा में बदल जाए।

उन्होंने कहा, ‘‘ग्रामीण इलाकों में सांप के काटने, आसमानी बिजली गिरने और दूसरी दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों के कारण गरीब परिवारों को अक्सर भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। हम चाहते थे कि हमारे परिवार का खुशी का मौका समुदाय के लिए मदद का ज़रिया बने।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पेटकर परिवार के इस कदम को एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया कि कैसे निजी खुशियों के मौकों को सार्थक समाज सेवा में बदला जा सकता है।

भाषा

राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में