लोहागढ़ किले में मंगेतर के साथ ट्रेकिंग के दौरान तस्वीरें लेते समय खाई में गिर कर युवक की मौत

लोहागढ़ किले में मंगेतर के साथ ट्रेकिंग के दौरान तस्वीरें लेते समय खाई में गिर कर युवक की मौत

लोहागढ़ किले में मंगेतर के साथ ट्रेकिंग के दौरान तस्वीरें लेते समय खाई में गिर कर युवक की मौत
Modified Date: June 19, 2026 / 12:52 pm IST
Published Date: June 19, 2026 12:52 pm IST

पुणे, 19 जून (भाषा) पुणे की मावल तहसील के लोहागढ़ किले में 26 वर्षीय एक युवक की अपनी मंगेतर के साथ ट्रेकिंग के दौरान तस्वीरें लेते समय एक खाई में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

गहुंजे के निवासी केतन विशाल अग्रवाल अपने पारिवारिक रियल एस्टेट व्यवसाय में निदेशक थे और उनका विवाह नवंबर में निर्धारित था।

पुलिस के अनुसार, अग्रवाल बृहस्पतिवार सुबह अपनी मंगेतर और दो दोस्तों के साथ उसका (मंगेतर का) जन्मदिन मनाने के लिए किले पर गए थे। सुबह करीब साढ़े 10 बजे, तस्वीरें लेते समय वह एक चट्टान के पास से फिसल गए और लगभग 400 फुट नीचे खाई में गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

लोनावला ग्रामीण थाने के निरीक्षक दिनेश तायदे ने बताया कि घटना के समय तेज हवाएं चल रही थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘अग्रवाल की शादी नवंबर में निर्धारित थी और पता चला है कि परिवारों ने शादी के लिए राजस्थान के उदयपुर में एक महल बुक किया था।’’

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस और शिवदुर्ग मित्र आपातकालीन बचाव दल के सदस्यों ने कठिन रास्तों और घनी झाड़ियों के बीच से शव को बाहर निकालने के लिए तीन घंटे तक अभियान चलाया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

भाषा

खारी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में