बांग्लादेश की तरह भारत में भी लोग एक दिन प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलेंगे: कांग्रेस नेता वर्मा

बांग्लादेश की तरह भारत में भी लोग एक दिन प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलेंगे: कांग्रेस नेता वर्मा

बांग्लादेश की तरह भारत में भी लोग एक दिन प्रधानमंत्री आवास पर धावा बोलेंगे: कांग्रेस नेता वर्मा
Modified Date: August 8, 2024 / 12:28 am IST
Published Date: August 8, 2024 12:28 am IST

भोपाल, सात अगस्त (भाषा) मध्य प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सज्जन सिंह वर्मा ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा है कि दंगा प्रभावित बांग्लादेश की तरह भारत में भी लोग एक दिन प्रधानमंत्री के सरकारी आवास पर धावा बोल देंगे और उस पर कब्जा कर लेंगे।

वर्मा के इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की युवा शाखा ने उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है।

वर्मा ने मंगलवार को इंदौर में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान कहा कि टीवी समाचार चैनल बता रहे हैं कि बांग्लादेश के लोग अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी सरकार की गलत नीतियों के कारण पड़ोसी देश में पैदा हुई अशांति के बीच प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास में घुस गए।

पूर्व राज्य मंत्री ने कहा, ‘‘ (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी जी याद रखिए, एक दिन आपकी गलत नीतियों के कारण लोग प्रधानमंत्री आवास में घुस जाएंगे और उस पर (प्रधानमंत्री आवास पर) कब्जा कर लेंगे। हाल में (2022 में) श्रीलंका में ऐसा हुआ, जहां लोग प्रधानमंत्री (राष्ट्रपति) के आवास में घुस गए थे और फिर बांग्लादेश में ऐसा हुआ और अब भारत की बारी है।’’

वर्मा की टिप्पणी से नाराज भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की इंदौर शहर इकाई के अध्यक्ष सौगत मिश्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बुधवार को एमजी रोड पुलिस थाने में अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा और कांग्रेस नेता के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने की मांग की।

मिश्रा ने संवाददाताओं से कहा कि भाजयुमो के पदाधिकारियों ने ‘‘राष्ट्र विरोधी’’ भाषा का इस्तेमाल करने और 140 करोड़ भारतीयों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए वर्मा के खिलाफ ज्ञापन सौंपा है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जोन-3) रामस्नेही मिश्रा ने बताया कि भाजयुमो ने मंगलवार को एक विरोध प्रदर्शन के दौरान दिए गए भाषण को लेकर वर्मा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शिकायत की जांच की जाएगी।

भाषा सिम्मी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में