स्वतंत्रता दिवस पर फलस्तीनी झंडा फहराने के आरोप में भोपाल में व्यक्ति गिरफ्तार
स्वतंत्रता दिवस पर फलस्तीनी झंडा फहराने के आरोप में भोपाल में व्यक्ति गिरफ्तार
भोपाल, 16 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के भोपाल में स्वतंत्रता दिवस पर अपनी दुकान के बाहर फलस्तीनी झंडा फहराने के आरोप में 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गौतम नगर थाने के निरीक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘पीजीबीटी रोड पर गीतांजलि गर्ल्स कॉलेज के पास अपनी दुकान के बाहर फलस्तीनी झंडा फहराने के आरोप में हनीफ खान को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। खान पर राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम 1971 की धारा दो (राष्ट्र ध्वज का अपमान) के तहत आरोप लगाया गया है। ‘
ठाकुर ने कहा कि खान ने 15 अगस्त को फलस्तीनी झंडा फहराकर तिरंगे का अपमान किया है।
स्थानीय पार्षद देवेंद्र भार्गव सहित स्थानीय भाजपा और आरएसएस नेताओं द्वारा कार्रवाई की मांग करने के बाद पुलिस खान की दुकान पर पहुंची थी।
पुलिस ने बताया कि अपनी दुकान पर उसने तिरंगे के साथ फलस्तीनी झंडा भी लगा रखा था।
अधिकारी ने बताया कि फलस्तीनी झंडा हटा दिया गया और खान को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
भाषा दिमो राजकुमार
राजकुमार

Facebook


