एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप: अंडर-23 पुरुष वर्ग में भारत ने छह पदक किए पक्के
एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप: अंडर-23 पुरुष वर्ग में भारत ने छह पदक किए पक्के
जकार्ता, 10 जुलाई (भाषा) भारत के छह अंडर-23 पुरुष मुक्केबाजों ने एशियाई अंडर-19 और अंडर-23 मुक्केबाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए शुक्रवार को सेमीफाइनल में पहुंचाकर कम से कम छह पदक पक्के कर लिए।
अभियान की अगुआई करते हुए एशियाई चैंपियन विश्वनाथ (50 किग्रा) ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा और सऊदी अरब के इब्राहिम अलजोहानी को 5-0 से हराया। इसके बाद गंगा (55 किग्रा) ने भी वियतनाम के क्वांग लोक ट्रान को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से शिकस्त दी।
वंशज ने 65 किग्रा वर्ग में कजाखस्तान के असिलखान कोशेरबाय को 4-1 से हराया जबकि 70 किग्रा वर्ग में हितेश ने मेजबान इंडोनेशिया के रेडियानश्याह को पहले ही राउंड में रेफरी द्वारा मुकाबला रोकना (आरएससी) के जरिए पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
कुछ मुकाबले कड़े रहे, लेकिन 80 किग्रा वर्ग में आर्यन मलिक को 1-4 और 85 किग्रा वर्ग में रॉकी चौधरी को 0-4 के फैसले से हार का सामना करना पड़ा।
वहीं 90 किग्रा वर्ग में हेमंत सांगवान उज्बेकिस्तान के समीर सोबिरोव से 0-5 से पराजित हो गए।
भारत ने इस तरह अंडर-23 पुरुष प्रतियोगिता में छह पदक सुनिश्चित कर लिए हैं। सेमीफाइनल में पहुंचने वाले भारतीय मुक्केबाजों में विश्वनाथ (50 किग्रा), गंगा (55 किग्रा), वंशज (65 किग्रा), हितेश (70 किग्रा), नीरज (75 किग्रा) और ईशान कटारिया (90 किग्रा से अधिक) शामिल हैं।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


