ऑस्ट्रेलिया का पैट्रिक बीच पर दांव लगाना सही साबित हुआ
ऑस्ट्रेलिया का पैट्रिक बीच पर दांव लगाना सही साबित हुआ
वैंकूवर (कनाडा), 14 जून (एपी) ऑस्ट्रेलिया का तीन विश्व कप खेल चुके और टीम के कप्तान गोलकीपर मैथ्यू रेयान के बजाय इससे पहले केवल दो अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले पैट्रिक बीच पर दांव लगाना सही साबित हुआ जिन्होंने आठ बचाव करके अपनी टीम की तुर्किए के खिलाफ जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ऑस्ट्रेलिया के कोच टोनी पोपोविच ने 22 वर्षीय गोलकीपर बीच को शुरुआती एकादश में शामिल किया जिनका यह तीसरा अंतरराष्ट्रीय मैच था।
बीच ने कहा, ‘‘कुछ दिन पहले बॉस (पोपोविच) और हमारे गोलकीपर कोच ने मुझे अलग बुलाकर बताया कि मैं खेलूंगा। उन्हें मुझ पर भरोसा था। इससे मुझे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरणा मिली।’’
ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 2-0 से जीता लेकिन स्कोर लाइन से इस कड़े मुकाबले का पता नहीं चलता क्योंकि तुर्किए ने आक्रामक खेल दिखाया लेकिन बीच ने उनके प्रत्येक हमले को नाकाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
बीच ने कहा, ‘‘जब आप मैदान पर उतरते हैं तो आपको स्टेडियम में 50 हजार से अधिक दर्शकों के सामने खेलने होता है और दुनिया भर के कई लोगों की निगाह आप पर टिकी होती है। लेकिन आपको सहज होकर खेलना चाहिए। मैंने यही किया।’’
बीच को रेयान की जगह शुरुआती लाइनअप में शामिल करने के बारे में पूछे जाने पर पोपोविच ने कहा, ‘‘यह एक ऐसी टीम है जिसे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए चुना गया है। परिणाम चाहे जो भी हो। यह सही फैसला था। वह इस बड़े मंच पर सहज होकर खेले।’’
एपी
पंत सुधीर
सुधीर

Facebook


