दीक्षा संयुक्त पांचवें स्थान के साथ भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ
दीक्षा संयुक्त पांचवें स्थान के साथ भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ
एमनेस (नीदरलैंड), 21 जून (भाषा) भारतीय गोल्फर दीक्षा डागर ने दूसरे राउंड में दो अंडर 70 का कार्ड खेलने के बाद डच लेडीज ओपन में संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।
दो बार की लेडीज यूरोपियन टूर (एलईटी) विजेता दीक्षा का कुल स्कोर पांच अंडर पार है। उन्होंने दूसरे दिन की शुरुआत दूसरे होल पर बोगी से की, लेकिन इसके बाद शानदार वापसी की। उन्होंने पांच बर्डी (पांचवें, सातवें, 14वें, 16वें और 17वें होल पर) तथा दो बोगी (नौवें और 13वें होल पर) लगाईं। इस प्रदर्शन के साथ वह शीर्ष पर काबिज शार्लेट हीथ से तीन शॉट पीछे हैं।
अवनि प्रशांत ने तीन बर्डी और तीन बोगी के साथ ईवन पार 72 का कार्ड खेला और कुल तीन अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त 15वें स्थान पर बनी हुई हैं।
प्रणवी उर्स दो अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त 25वें स्थान पर हैं। उन्होंने दूसरे राउंड में बेहतरीन वापसी करते हुए बिना किसी बोगी के 3-अंडर पार का कार्ड खेला।
पहले दौर में निराशाजनक 10 ओवर पार का कार्ड खेलने वाली हिताशी बख्शी दूसरे दिन ईवन पार 72 के बावजूद कट से चूक गईं। टूर्नामेंट का कट एक ओवर पार रहा।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


