सरीन के लिए लगी बोली की होड़, कार्लसन की टीम में दिव्या जबकि आनंद एरिगेसी के साथ
सरीन के लिए लगी बोली की होड़, कार्लसन की टीम में दिव्या जबकि आनंद एरिगेसी के साथ
मुंबई, 29 जून (भाषा) जीसीएल (ग्लोबल चेस लीग) के चौथे सत्र के लिए यहां ‘प्लेयर ड्राफ्ट’ में ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन को खरीदने के लिए जबरदस्त बोली लगी और आखिरकार उन्हें फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स फ्रैंचाइजी ने अपनी टीम में शामिल किया।
यह टूर्नामेंट बेंगलुरु में तीन से 13 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा और इसमें दुनिया के कुछ बेहतरीन शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
दिन में ‘बुलेट चेस’ चैंपियन सरीन को खरीदने के लिए काफी होड़ रही जिसके बाद ‘फायर्स (एफवाईईआरएस) अमेरिकन गैम्बिट्स’ में शामिल हुए।
मौजूदा चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने नॉर्वे के स्टार मैग्नस कार्लसन और महिला शतरंज विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख के साथ अपने खिताब की रक्षा की तैयारी मजबूत की जबकि भारतीय दिग्गज विश्वनाथन आनंद ने लीग के इतिहास में पहली बार टीम बदली और पीबीजी अलास्कन नाइट्स में अर्जुन एरिगेसी के साथ जुड़ गए।
दुबई, लंदन और मुंबई में तीन सत्र के बाद अब यह लीग बेंगलुरु में आयोजित होगी।
त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स, अल्पाइन एपीएल पाइपर्स और अपग्रेड मुंबा मास्टर्स द्वारा अपने ‘आइकन’ खिलाड़ियों को बरकरार रखने के बाद ड्राफ्ट की शुरुआत फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स द्वारा 2026 कैंडिडेट्स चैंपियन जावोखिर सिंदारोव को हासिल करने की होड़ जीतने के साथ हुई।
पीबीजी अलास्कन नाइट्स और गंगाज ग्रैंडमास्टर्स ने क्रमशः आनंद और इयान नेपोम्नियाची को शामिल किया।
इसके बाद अमेरिकन गैम्बिट्स ने ड्राफ्ट के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में से एक सरीन को हासिल करने की कड़ी प्रतिस्पर्धा जीती।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


