दूबे और अभिषेक ने जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 152 रन पर रोका

दूबे और अभिषेक ने जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 152 रन पर रोका

दूबे और अभिषेक ने जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 152 रन पर रोका
Modified Date: July 13, 2024 / 06:47 pm IST
Published Date: July 13, 2024 6:47 pm IST

हरारे, 13 जुलाई (भाषा) भारत ने कामचलाऊ गेंदबाज शिवम दूबे और अभिषेक शर्मा के शानदार प्रदर्शन से शनिवार को यहां पांच मैच की श्रृंखला के चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में जिम्बाब्वे को सात विकेट पर 152 रन पर रोक दिया।

जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने 28 गेंद में 46 रन की पारी खेली।

लेकिन भारत के पांचवें गेंदबाज अभिषेक (तीन ओवर में 20 रन देकर एक विकेट) और छठे विकल्प दूबे (दो ओवर में 11 रन देकर एक विकेट) ने अच्छे गेंदबाजी प्रयास से जिम्बाब्वे को दबाव में रखा।

इन्होंने खतरनाक दिख रही वेस्ले माधेवेरे (24 गेंद में 25 रन) और टाडीवानाशे मारूमनी (31 गेंद में 32 रन) की सलामी जोड़ी को आउट करके मध्य ओवरों में लगाम कसी।

कप्तान रजा ने हालांकि अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके लगाकर जिम्बाब्वे को 150 से अधिक रन के स्कोर तक पहुंचाया।

लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को छोड़कर सभी भारतीय गेंदबाजों को विकेट मिले।

पदार्पण करने वाले मध्यम गति के गेंदबाज तुषार देशपांडे (तीन ओवर में 30 रन देकर एक विकेट) का पहला स्पैल काफी अधिक फुल लेंथ वाली गेंद या बहुत शॉर्ट गेंद लेंथ वाला रहा। इससे दोनों सलामी बल्लेबाज माधेवेरे और मारूमनी आसानी से बाउंड्री बनाने में सफल रहे।

पर देशपांडे के लिए अच्छा रहा कि वह रजा का विकेट लेने में सफल रहे।

पहले तीन मैच में जिम्बाब्वे के लिए पहले विकेट की सर्वश्रेष्ठ साझेदारी नौ रन की थी लेकिन माधेवेर और मारूमनी ने 63 रन की साझेदारी निभायी, हालांकि यह इतनी तेज नहीं थी।

बायें हाथ के स्पिनर अभिषेक ने पहले विकेट की साझेदारी तोड़ी। उनकी गेंद पर मारूमनी पुल शॉट को टाइम नहीं कर सके और रिंकू सिंह के हाथों कैच आउट हुए।

दूबे ने फिर माधेवेरे को आउट किया। उनका कैच भी रिंकू ने ही लपका।

दूसरे मैच में अच्छी बल्लेबाजी करने वाले ब्रायन बेनेट (14 गेंद में नो रन) को वाशिंगटन ने अपना शिकार बनाया। दूबे और अभिषेक ने ‘विकेट टू विकेट’ गेंदबाजी करते हुए स्कोर गति पर लगाम कसी।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में