मुकेश के पांच विकेट के बाद घरामी का शतक, बंगाल के पांच विकेट पर 199 रन

मुकेश के पांच विकेट के बाद घरामी का शतक, बंगाल के पांच विकेट पर 199 रन

मुकेश के पांच विकेट के बाद घरामी का शतक, बंगाल के पांच विकेट पर 199 रन
Modified Date: February 7, 2026 / 07:21 pm IST
Published Date: February 7, 2026 7:21 pm IST

कल्याणी (पश्चिम बंगाल), सात फरवरी (भाषा) सुदीप घरामी (नाबाद 112 रन) ने आखिरकार एक बड़े मैच में अपनी काबिलियत दिखाते हुए नाबाद शतक बनाया जिससे बंगाल ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में दूसरे दिन के रोमांचक खेल के बाद आंध्र के खिलाफ स्टंप तक पांच विकेट पर 199 रन बना लिए।

आंध्र की टीम पहली पारी में 295 रन पर ऑल आउट हो गई। आंध्र ने दिन की शुरुआत छह विकेट पर 264 रन से की, पर इसमें 31 रन ही जोड़ी सकी क्योंकि बंगाल के मुकेश कुमार (66 रन देकर पांच विकेट) और टेस्ट विशेषज्ञ आकाश दीप (79 रन देकर चार विकेट) ने निचले क्रम के बल्लेबाजों को आउट कर दिया।

फिर कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का रणजी ट्रॉफी के नॉकआउट चरण में प्रभाव नहीं डालने का सिलसिला जारी रहा। उन्होंने सिर्फ एक रन बनाया और नीतीश कुमार रेड्डी ने अपने तीसरे ओवर में उन्हें कैच आउट करवाया।

ईश्वरन ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप के क्वार्टर, सेमीफाइनल या फाइनल में कभी भी 20 रन का आंकड़ा पार नहीं किया है।

हालांकि घरामी ने जिम्मेदारी संभाली जबकि एक समय बंगाल का स्कोर तीन विकेट पर 43 रन था। अपना 38वां प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे घरामी ने एक छोर संभाले रखा।

निचले क्रम के बल्लेबाज सूरज सिंधु जायसवाल (20) के साथ मिलकर उन्होंने 80 रन जोड़े और उनकी बल्लेबाजी की खासियत स्पिनरों के खिलाफ फुटवर्क था।

यह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में उनका सातवां शतक था। उन्होंने रेड्डी, केवी शशिकांत, कालिदिंडी राजू और कवुरी साईतेजा के खिलाफ कुछ शानदार कवर ड्राइव खेले।

जायसवाल और ऑलराउंडर शाहबाज अहमद (5) दोनों धीमी गेंदबाजों की गेंदों पर आउट हुए जिसके बाद बंगाल थोड़ी मुश्किल में था।

बंगाल का स्कोर पांच विकेट पर 153 रन दिखा था। कोलकाता मैदान के अनुभवी खिलाड़ी सुमंता गुप्ता (जो 35 साल की उम्र में अपना पहला प्रथम श्रेणी सत्र खेल रहे हैं) ने घरामी का साथ दिया और 22 रन बनाकर नाबाद रहे।

दोनों ने छठे विकेट के लिए 46 रन की नाबाद साझेदारी कर ली है। हालांकि उनकी कोशिश बचे हुए 97 रन बनाकर पहली पारी में बढ़त हासिल करने की होगी।

तीन दिन बाकी हैं, इसलिए दोनों में से किसी भी टीम के लिए जीत की पूरी संभावना है।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में