गुरनूर और सुथार की मौजूदगी से दूसरे ‘टेस्ट’ में भारत ‘ए’ को मिलेगी मजबूती
गुरनूर और सुथार की मौजूदगी से दूसरे ‘टेस्ट’ में भारत ‘ए’ को मिलेगी मजबूती
गॉल, एक जुलाई (भाषा) उभरते हुए खिलाड़ी गुरनूर बरार और मानव सुथार के बृहस्पतिवार से यहां शुरू होने वाले दूसरे क्रिकेट ‘टेस्ट’ में श्रीलंका ए के खिलाफ भारत ए की एकादश में शामिल होने की उम्मीद है।
चार दिन का पहला ‘टेस्ट’ ड्रॉ रहा था जिसमें सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन और कप्तान ध्रुव जुरेल ने भारत ए की ओर से शतक लगाए। जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने मैच में कुल पांच विकेट लेकर भारत के लिए प्रभावी पदार्पण किया। उन्होंने पहली पारी में चार विकेट लिए थे।
यह अनुभव दौरा है जिसका मकसद भारत ए के प्रत्येक खिलाड़ी को मौका देना है इसलिए ऋषिकेश कानिटकर की अगुवाई वाला टीम प्रबंधन एकादश में कुछ बदलाव कर सकता है।
उम्मीद की जा सकती है कि बरार को एकादश में शामिल किया जाएगा जिन्होंने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय क्रिकेट में शानदार पदार्पण किया था। भारतीय सीनियर टीम न्यूजीलैंड के दौरे और अगले साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू श्रृंखला से पहले तेज गेंदबाजों का बैकअप तैयार करना चाहती है।
गुरनूर के खेलने की उम्मीद है इसलिए यश ठाकुर को बाहर बैठना पड़ सकता है।
इसी तरह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट पदार्पण में 10 विकेट लेने वाले सुथार को भी मौका मिल सकता है। इस स्पिनर ने टेस्ट पदार्पण के बाद वारविकशर के लिए काउंटी में संक्षिप्त लेकिन सफल समय बिताया।
सुथार के खेलने की स्थिति में बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को आराम दिया जाएगा।
दो अन्य खिलाड़ी जिन्हें पहले मैच में मौका नहीं मिला वे सलामी बल्लेबाज अमन मोखाड़े और लेग स्पिनर जीशान अंसारी हैं।
अंसारी को खिलाने के लिए टीम प्रबंधन को ऑफ स्पिनर सारांश जैन को बाहर करना होगा जबकि मोखाड़े को आयुष पांडे की जगह मिल सकती है।
हालांकि अगर साई सुदर्शन को भारत ए की दूसरी पारी में चोट के कारण रिटायर होने के बाद अनफिट माना जाता है तो आयुष को एक और मौका मिल सकता है।
भाषा सुधीर
सुधीर

Facebook


