हरमनप्रीत और रिचा की पारियों से भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट पर 122 रन बनाए

हरमनप्रीत और रिचा की पारियों से भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट पर 122 रन बनाए

हरमनप्रीत और रिचा की पारियों से भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट पर 122 रन बनाए
Modified Date: May 6, 2024 / 07:21 pm IST
Published Date: May 6, 2024 7:21 pm IST

सिलहट, छह मई (भाषा) हरमनप्रीत कौर (39) और रिचा घोष (24) की उम्दा पारियों और दोनों के बीच 44 रन की साझेदारी से भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वर्षा से प्रभावित 14 ओवर के चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में सोमवार को यहां बांग्लादेश के खिलाफ छह विकेट पर 122 रन बनाए।

डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत बांग्लादेश को 125 रन का लक्ष्य मिला।

बारिश के कारण विलंब से शुरुआत और फिर एक घंटे से अधिक समय तक मैच रोके जाने के कारण ओवरों की संख्या को घटाया गया।

अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही हरमनप्रीत ने रिचा के साथ पांचवें विकेट के लिए 28 गेंद में 44 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

इस जोड़ी ने बारिश के खलल के बाद आक्रामक तेवर दिखाए और अपनी साझेदारी के दौरान आठ चौके और एक छक्का जड़ा।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही। टीम ने दूसरे ओवर में ही शेफाली वर्मा (02) का विकेट गंवा दिया जो शोरिफा खातून की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर पर रितु मोनी को कैच दे बैठीं।

डी हेमलता (22) ने दो छक्कों और दो चौकों के साथ आक्रामक तेवर दिखाए लेकिन मारूफा अख्तर ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया।

भारत का स्कोर जब 5.5 ओवर में दो विकेट पर 48 रन था तब बारिश के कारण एक घंटे से अधिक समय तक खेल रोकना पड़ा।

मैच दोबारा शुरू होने पर सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (22) ने चौका जड़ा लेकिन इसके बाद राबिया खान की गेंद पर बोल्ड हो गईं।

रिचा और हरमनप्रीत ने इसके बाद भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। राबिया ने रिचा को शोर्ना अख्तर के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा।

हरमनप्रीत अंतिम ओवर में रन आउट हुईं।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में