हरमनप्रीत के अर्धशतक से भारत के चार विकेट पर 170 रन

हरमनप्रीत के अर्धशतक से भारत के चार विकेट पर 170 रन

हरमनप्रीत के अर्धशतक से भारत के चार विकेट पर 170 रन
Modified Date: June 28, 2026 / 09:07 pm IST
Published Date: June 28, 2026 9:07 pm IST

लंदन, 28 जून (भाषा ) कप्तान हरमनप्रीत कौर के 27 गेंद में 56 रन की मदद से भारत ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप में रविवार को ‘करो या मरो’ के मुकाबले में चार विकेट पर 170 रन बनाये हालांकि बाकी भारतीय बल्लेबाज तेजी से रन बनाने में नाकाम रहे ।

भारत को हर हालत में यह मैच जीतना है क्योंकि दक्षिण अफ्रीका एक अन्य मैच में बांग्लादेश को चार विकेट से हराकर आस्ट्रेलिया के बाद ग्रुप ए में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है ।

भारत की शुरूआत अच्छी रही और सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (38) और शेफाली वर्मा (34) ने 66 रन की साझेदारी की । दोनों हालांकि तेजी से रन नहीं बना सकी और रनरेट कभी सात के ऊपर नहीं गया । शेफाली ने आफ स्पिनर एशले गार्डनर को दो छक्के लगाये और मंधाना ने तेज गेंदबाज किम गार्थ को दो चौके लगातार जड़े लेकिन इसके अलावा बड़े शॉट कम ही दिखे ।

भारत ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 43 रन बना लिये थे । इसके बाद शेफाली ने आक्रामक खेलने की कोशिश की लेकिन आस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनू को बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विकेट गंवा बैठी ।

मंधाना भी ज्यादा देर टिक नहीं सकी और जेमिमा रौड्रिग्स (28 गेंद में 34) के साथ हुई गलतफहमी के कारण एक रन चुराने के प्रयास में पिच के बीच आ गई और डीप से जॉर्जिया वेयरहैम ने गेंदबाज लूसी हैमिल्टन को सटीक थ्रो फेंककर उन्हें रन आउट कर दिया ।

जेमिमा ने मोलिनू को चौका लगाकर शुरूआत की लेकिन बाकी पारी में वह लय कायम नहीं रख सकी । वनडे विश्व कप में आस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत की नायिका रही जेमिमा को 27 के स्कोर पर जीवनदान भी मिला । तेज गेंदबाज अनाबेल सदरलैंड की अगली गेंद पर उन्होंने डीप में छक्का लगाया ।

आखिरी ओवर से पहले वह रिटायर्ड हर्ट हो गई । आक्रामक बल्लेबाज रिचा घोष एक ही गेंद खेल सकी ।

हरमनप्रीत ने हालांकि तेजी से रन बनाये । उन्होंने 26 गेंद में अर्धशतक पूरा किया । आखिरी ओवर में उन्होंने लगातार तीन छक्के जड़े और इस ओवर में 23 रन बने ।

भाषा

मोना

मोना


लेखक के बारे में