इंडिया ओपन 2028 में गुवाहाटी में आयोजित किया जाएगा: बीएआई
इंडिया ओपन 2028 में गुवाहाटी में आयोजित किया जाएगा: बीएआई
नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के महासचिव संजय मिश्रा ने रविवार को कहा कि 2028 का इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट गुवाहाटी में आयोजित किया जाएगा क्योंकि इसकी तारीखें गणतंत्र दिवस के लिए राष्ट्रीय राजधानी में होने वाली सुरक्षा व्यवस्था से टकराएंगी।
एंडर्स एंटोनसेन सहित कई शीर्ष खिलाड़ियों ने इंडिया ओपन के जनवरी-फरवरी के आयोजन समय पर सवाल उठाए हैं। खिलाड़ियों ने नयी दिल्ली में इस दौरान पड़ने वाली कड़ाके की सर्दी, वायु प्रदूषण और इंडोर स्टेडियमों में बेहद कम तापमान को लेकर चिंता जताई है।
बैडमिंटन विश्व महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने 2027 सत्र के लिए इंडिया ओपन को दो से सात फरवरी तक कराने का फैसला किया था ताकि नयी दिल्ली की सर्दियों के सबसे खराब दौर से बचा जा सके। हालांकि 2028 सत्र में इसे फिर जनवरी के अंत में आयोजित किया जाएगा।
वर्ष 2028 में टूर्नामेंट 25 से 30 जनवरी तक खेला जाएगा। मिश्रा ने कहा कि उस अवधि में दिल्ली में टूर्नामेंट आयोजित करना सुरक्षा और अन्य व्यवस्थागत चुनौतियों के कारण मुश्किल होगा।
मिश्रा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘2028 का इंडिया ओपन जनवरी के आखिरी सप्ताह में होगा और इसकी तारीखें राष्ट्रीय राजधानी में गणतंत्र दिवस की सुरक्षा व्यवस्था से टकरा रही हैं। इसलिए हमने महसूस किया कि सिर्फ उस साल टूर्नामेंट को गुवाहाटी स्थानांतरित करना चाहिए। 2029 में यह फिर नयी दिल्ली लौट आएगा। ’’
गुवाहाटी इससे पहले 2025 विश्व जूनियर चैंपियनशिप की सफलतापूर्वक मेजबानी कर चुका है।
एंटोनसेन ने कई बार इंडिया ओपन में हिस्सा नहीं लिया है और इसके लिए अनिवार्य जुर्माना भी स्वीकार किया है। उन्होंने बीडब्ल्यूएफ से टूर्नामेंट की तारीख बदलने की मांग की है।
रविवार को विश्व चैंपियन बनने वाली फ्रांस की पहली बैडमिंटन जोड़ी थॉम गिकेल और डेल्फिन डेलरू ने भी बीडब्ल्यूएफ से इंडिया ओपन को किसी अलग समय पर आयोजित करने की अपील की।
गिकेल ने कहा, ‘‘इंडिया ओपन की तुलना में यहां माहौल बेहतर था। उसमें सांस लेना भी मुश्किल होता है और टूर्नामेंट की गुणवत्ता भी इस सप्ताह जैसी नहीं होती। इसलिए हमारे लिए यह बहुत अच्छा रहा और हमें उम्मीद है कि बीडब्ल्यूएफ इंडिया ओपन के आयोजन का महीना बदल देगा क्योंकि जनवरी हमारे लिए बहुत अच्छा समय नहीं है। ’’
बीएआई ने यह भी बताया कि उसने 2028 थॉमस और उबेर कप की मेजबानी के लिए बोली लगाई है।
मिश्रा ने कहा, ‘‘हमने 2028 के टूर्नामेंट के लिए बोली लगाई है और विश्व चैंपियनशिप के बाद इसकी मेजबानी मिलने को लेकर हम आशावादी हैं। कुछ अन्य देश भी दौड़ में हैं, लेकिन हमें उम्मीद है कि हमें इसकी मेजबानी मिलेगी। ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


