सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला, घरामी और शाहबाज के शतक से पूर्व क्षेत्र मजबूत

सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला, घरामी और शाहबाज के शतक से पूर्व क्षेत्र मजबूत

सूर्यवंशी का बल्ला नहीं चला, घरामी और शाहबाज के शतक से पूर्व क्षेत्र मजबूत
Modified Date: August 23, 2026 / 07:49 pm IST
Published Date: August 23, 2026 7:49 pm IST

बेंगलुरु, 23 अगस्त (भाषा) बंगाल के मध्यक्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज सुदीप घरामी ने पिछले घरेलू सत्र की शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए रविवार को दलीप ट्रॉफी के पहले दिन 146 रन की शानदार पारी खेली जिससे पूर्वी क्षेत्र ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के खिलाफ दिन का खेल खत्म होने तक छह विकेट पर 355 रन बना लिए।

घरामी को शाहबाज अहमद का अच्छा साथ मिला। दोनों ने छठे विकेट के लिए 150 रन की साझेदारी कर ईस्ट जोन को पांच विकेट पर 138 रन की मुश्किल स्थिति से उबारा। शाहबाज 100 रन बनाकर नाबाद रहे।

दिन की शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी केवल आठ रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने मिडविकेट के ऊपर से शानदार शॉट और फिर कवर ड्राइव लगाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन मणिपुर के गेंदबाज बिश्वरजीत कोंथौजाम की गेंद पर कट लगाने के प्रयास में गली में कैच दे बैठे।

अभिमन्यु ईश्वरन 15 रन ही बना सके। मध्यम गति के गेंदबाज जोतिन सिंह की गेंद पर वह पगबाधा आउट हुए।

इसके बाद कुमार कुशाग्र और घरामी ने तीसरे विकेट के लिए 92 रन जोड़े। कुशाग्र ने 65 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 55 रन बनाए और अच्छी लय में नजर आए। घरामी ने भी पारी को संभालते हुए धीरे-धीरे रन गति बढ़ाई।

कुशाग्र के आउट होते ही ईस्ट जोन के विकेट जल्दी-जल्दी गिरने लगे। भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज ईशान किशन और विराट सिंह भी जल्द ही पवेलियन लौट गए। इसके बाद घरामी और शाहबाज ने मोर्चा संभाला।

पिछले साल घरेलू क्रिकेट में 795 रन बनाकर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर रहे घरामी ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने पैरों की ओर आने वाली गेंदों को आसानी से सीमा रेखा के पार भेजा और ऑफ साइड में भी शानदार ढंग से खाली जगह तलाशते रहे। इसी दौरान उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट का नौवां शतक पूरा किया।

घरामी ने 185 गेंदों की अपनी पारी में 25 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं शाहबाज ने 137 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के जड़े।

पूर्वोत्तर क्षेत्र के गेंदबाजों के अनुभव की कमी का फायदा पूर्व क्षेत्र के बल्लेबाजों को मिला। घरामी के आउट होने तक टीम काफी हद तक संभल चुकी थी। इसके बाद शाहबाज और अनुकूल रॉय ने 67 रन और जोड़कर पहली पारी में 450 से अधिक रन बनाने की उम्मीद जगा दी।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में