भारत ने आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्व कप दूसरे दिन तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता
भारत ने आईएसएसएफ जूनियर निशानेबाजी विश्व कप दूसरे दिन तीन रजत और एक कांस्य पदक जीता
काहिरा, 22 अप्रैल (भाषा) भारत के जूनियर निशानेबाजों ने बुधवार को यहां आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप के दूसरे दिन चार और पदक जीते जिनमें तीन रजत और एक कांस्य पदक शामिल है।
पदक तालिका में भारत अभी तीसरे स्थान पर है क्योंकि प्रतियोगिता के दूसरे दिन दांव पर लगे पांच स्वर्ण पदक में से चार कजाखस्तान और व्यक्तिगत तटस्थ खिलाड़ियों (एआईएन) ने जीते।
रोहित केनयन ने 50 मीटर राइफल प्रोन पुरुषों की जूनियर स्पर्धा में 615.8 के स्कोर के साथ भारत को दिन का पहला रजत पदक दिलाया। वह कजाखस्तान के स्वर्ण पदक विजेता ओलेग नोस्कोव से सिर्फ 0.5 अंक पीछे रहे।
इसके बाद सेजल कांबले ने जूनियर महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल क्वालीफायर में 580 के स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया और फिर फाइनल में 27 हिट के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। एआईएन की कात्सियारीना इवानोवा ने पांच शॉट की आठ सीरीज वाले फाइनल में 31 हिट के साथ स्वर्ण पदक जीता।
भारत ने प्रतियोगिता में दूसरी बार किसी स्पर्धा में दो पदक एक साथ जीते जब राज चंद्र ने 580 और अभिनव देशवाल ने 578 का स्कोर करके 25 मीटर पिस्टल पुरुषों की जूनियर स्पर्धा में क्रमशः रजत और कांस्य पदक हासिल किए। पहले दिन शिवा नरवाल और चिराग शर्मा ने एक ही स्पर्धा में भारत के लिए पदक जीते थे।
कजाखस्तान ने एक बार फिर स्वर्ण पदक जीता जिसमें किरिल त्सुकानोव ने 581 का स्कोर किया।
जूनियर महिलाओं की स्कीट स्पर्धा में ऋषम गुरोन (24, 23, 21, 23, 24) ने 115 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में क्वालीफाई किया जहां वह सातवें स्थान पर रहीं। शुरुआती 12 निशानों के बाद उनके नाम सात हिट थे और वह प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
एआईएन की वरवारा जेतसेवा ने इस स्पर्धा में 40 में से 33 हिट के विश्व रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता।
जूनियर पुरुषों की स्कीट स्पर्धा में इशान सिंह लिब्रा 118 (25, 23, 22, 24, 24) के स्कोर के साथ शीर्ष आठ में पहुंचे, जिससे उन्हें छठा स्थान मिला। वह हालांकि फाइनल में पदक जीतने से चूक गए।
इशान 28 शॉट के पड़ाव पर 24 हिट के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए। ब्रिटेन के डेनजिल जैगो ग्रोस (31) ने इटली के मार्को कोको (30) को एक हिट से हराकर इस स्पर्धा में अपना पहला आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप स्वर्ण पदक जीता।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द

Facebook


