टेबल टेनिस में भारतीय खिलाड़ी आगे बढ़े
टेबल टेनिस में भारतीय खिलाड़ी आगे बढ़े
नागोया, 24 सितंबर (भाषा) श्रीजा अकुला और सिंड्रेला दास तथा यशस्विनी घोरपड़े और दीया चिताले की भारतीय महिला युगल जोड़ियों ने बृहस्पतिवार को एशियाई खेलों की टेबल टेनिस स्पर्धा में अपने-अपने मुकाबले आसानी से जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
मानुष शाह और मानव ठक्कर ने भी पुरुष एकल में अगले दौर में जगह बनाई।
श्रीजा और सिंड्रेला ने दूसरे दौर के मुकाबले में मंगोलिया की बुरेनजारगल संजा और बोलोर-एरदेने बातमुंख को 3-0 से हराया। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला 11-5, 11-4, 12-10 से अपने नाम किया।
भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआती दोनों गेम आसानी से जीत लिए, लेकिन तीसरे गेम में उन्हें कड़ी चुनौती मिली। उन्होंने हालांकि संयम बनाए रखा और 12-10 से गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
श्रीजा और सिंड्रेला का सामना अंतिम-16 के मुकाबले में चीन की कुआई मान और वांग मन्यु की मजबूत जोड़ी से होगा।
यशस्विनी और दीया की दूसरी भारतीय जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने ईरान की सेतायेश इलूखानी और महशिद अश्तारी को 3-0 से हराया। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला 11-2, 11-2, 11-4 से जीता।
यशस्विनी और दीया ने शुरुआत से ही मुकाबले पर दबदबा बनाए रखा और एक भी गेम गंवाए बिना जीत दर्ज की।
प्री-क्वार्टर फाइनल में यशस्विनी और दीया का सामना चीन की फैन शुहान और चेन यी की जोड़ी से होगा।
पुरुष एकल में दुनिया के 43वें नंबर के खिलाड़ी मानुष शाह ने मलेशिया के वोंग क्यूई शेन को 4-0 से हराकर अंतिम-32 में जगह बनाई।
शीर्ष वरीय भारतीय खिलाड़ी ने 11-9, 14-12, 11-7, 11-4 से जीत दर्ज की। अब उनका सामना दुनिया के 20वें नंबर के ईरान के बेन्यामिन फराजी से होगा।
दुनिया के 48वें नंबर के मानव ठक्कर भी पहले दौर में बाई मिलने के बाद अंतिम-32 में पहुंच गए हैं। दूसरे दौर में उनका मुकाबला उत्तर कोरिया के यू ताए रयोंग से होगा।
भाषा
आनन्द
आनन्द

Facebook


