कोर्डा और सिटसिपास क्वार्टरफाइनल में, स्वियातेक बाहर

कोर्डा और सिटसिपास क्वार्टरफाइनल में, स्वियातेक बाहर

कोर्डा और सिटसिपास क्वार्टरफाइनल में, स्वियातेक बाहर
Modified Date: January 22, 2023 / 07:03 pm IST
Published Date: January 22, 2023 7:03 pm IST

मेलबर्न, 22 जनवरी (एपी) यूनान के तीसरे वरीय सेबेस्टियन सिटसिपास और अमेरिका के सेबेस्टियन कोर्डा ने रविवार को यहां ऑस्ट्रेलियाई ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरूष वर्ग के क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया जबकि महिला वर्ग में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी इगा स्वियातेक सीधे सेटों में हारकर बाहर हो गयीं।

अमेरिकी के 29वें वरीय कोर्डा ने हुबर्ट हुर्कास्ज को 3-6, 6-3, 6-2, 1-6, 7-6 (10-7) से हराकर अपने पहले ग्रैंडस्लैम क्वार्टरफाइनल में जगह बनायी।

तीसरे दौर में 2021 अमेरिकी ओपन चैम्पियन और पिछले दो वर्षों में मेलबर्न पार्क के उपविजेता दानिल मेदवेदेव को हराने वाले 22 वर्षीय कोर्डा का सामना सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिये 18वें वरीय कारेन खाचानोव से होगा।

तीसरे वरीय सिटसिपास ने 15वें वरीय यानिक सिनर को चार घंटे तक चले मुकाबले में 6-4, 6-4, 3-6, 4-6, 6-3 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया जिसमें उनकी टक्कर गैर वरीय जिरी लेचेका से होगी।

पुरुष एकल में खाचानोव ने 31वें वरीय योशीहितो निशिओका को 6-0, 6-0, 7-6 (4) से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनायी।

महिला वर्ग में विंबलडन चैम्पियन एलेना रायबाकिना ने स्वियातेक को सीधे सेटों में हराकर पहली बार महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

इस प्रतियोगिता में 22वीं वरीयता प्राप्त रायबाकिना ने अपनी तीखी सर्विस से स्वियातेक को परेशान किया और डेढ़ घंटे तक चले मैच में 6-4, 6-4 से जीत दर्ज की।

रायबाकिना क्वार्टर फाइनल में 2017 की फ्रेंच ओपन चैंपियन येलेना ओस्टापेंको से भिड़ेगी जिन्होंने एक अन्य मैच में कोको गॉफ को 7-5, 6-3 से पराजित किया। रायबाकिना की तरह लाटविया की ओस्टापेंको भी पहली बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन के अंतिम आठ में पहुंची है।

स्वियातेक तीन बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन हैं। उन्होंने पिछले साल फ्रेंच ओपन और अमेरिकी ओपन का खिताब जीता था।

रायबाकिना की रैंकिंग उनके कौशल का सही आकलन नहीं करती क्योंकि पिछले साल विंबलडन चैंपियन बनने के बाद उन्हें रैंकिंग में कोई फायदा नहीं मिला था। डब्ल्यूटीए और एटीपी ने तब रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों को विंबलडन में प्रवेश नहीं देने के ऑल इंग्लैंड क्लब के फैसले के कारण इस प्रतियोगिता से मिलने वाले अंक खिलाड़ियों की रैंकिंग में नहीं जोड़े थे।

रायबाकिना का जन्म मास्को में हुआ है लेकिन वह 2018 से कजाखस्तान का प्रतिनिधित्व कर रही है।

एपी नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में