मैनचेस्टर सिटी एफए कप के फाइनल में, आर्सेनल प्रीमियर लीग में शीर्ष पर पहुंचा
मैनचेस्टर सिटी एफए कप के फाइनल में, आर्सेनल प्रीमियर लीग में शीर्ष पर पहुंचा
लंदन, 26 अप्रैल (एपी) मैनचेस्टर सिटी एक बार फिर एफए कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गया है जबकि आर्सेनल प्रीमियर लीग में फिर से शीर्ष पर पहुंचने में सफल रहा।
सिटी ने शनिवार को वेम्बली में खेले गए मैच में साउथेम्प्टन को 2-1 से हराकर रिकॉर्ड चौथी बार एफए कप के फाइनल में जगह बनाई। दूसरे हाफ में एक गोल से पिछड़ने के बाद निको गोंजालेज के 87वें मिनट में किए गए गोल से सिटी ने जीत दर्ज की।
इस जीत ने सिटी की घरेलू स्तर पर तीन खिताब जीतने की उम्मीदों को बरकरार रखा है। वह पहले ही इंग्लिश लीग कप जीत चुका है और प्रीमियर लीग खिताब के लिए आर्सेनल के सामने कड़ी चुनौती पेश कर रहा है।
प्रीमियर लीग में आर्सेनल ने एबेरेची एज़े के गोल की मदद से न्यूकैसल के खिलाफ 1-0 से जीत हासिल करके सिटी पर तीन अंक की बढ़त बना ली है। आर्सेनल के 34 मैच में 73 और सिटी के 33 मैच में 70 अंक हैं।
इस बीच लिवरपूल की टीम क्रिस्टल पैलेस को 3-1 से हराकर गोल अंतर के आधार पर चौथे स्थान पर पहुंच गई। उसने एस्टन विला को पीछे छोड़ा, जिसे फुलहम से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा।
इस सत्र के आखिर में लिवरपूल छोड़ने वाले मोहम्मद सलाह ने लगता है कि इस क्लब की तरफ से अपना आखिरी मैच खेल लिया है क्योंकि पैलेस के खिलाफ दूसरे हाफ में चोट लगने के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। उनकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आया है जिसके जल्दी ठीक होने की संभावना नहीं है। प्रीमियर लीग के अंतिम दौर के मैच 24 मई को खेले जाएंगे।
एपी
पंत
पंत

Facebook


