डेविस कप मैच में शानदार वापसी के बाद नागल ने छूटे मौकों पर अफसोस जताया
डेविस कप मैच में शानदार वापसी के बाद नागल ने छूटे मौकों पर अफसोस जताया
बेंगलुरु, सात फरवरी (भाषा) सुमित नागल ने स्वीकार किया कि निर्णायक सेट में कुछ महत्वपूर्ण गेम गंवाना उनके लिए महंगा साबित हुआ जिससे वह डेविस कप क्वालीफायर के पहले दौर के एकल मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ हार गये।
नागल ने हालांकि कहा कि यह हार उनके लिए एक सीखने का अनुभव था क्योंकि वह चोट से उबरने की कोशिश कर रहे हैं।
गाए डे ओडेन के खिलाफ पहला सेट 0-6 से हराने के बाद नागल ने दूसरे सेट में वापसी की लेकिन तीसरे सेट में अहम मौकों को भुनाने में नाकाम रहे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं तीसरे सेट से थोड़ा निराश हूं, खासकर 1-0 और फिर 4-3 के आसपास के गेम से। मुझे लगता है कि वही दो गेम मैच का फैसला कर गए।”
उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी की तारीफ करते हुए कहा, “उसने अहम पलों पर कुछ अविश्वसनीय शॉट लगाए। ऐसे मौकों पर अगर आप ऐसे शॉट खेलते हैं, तो जीत के हकदार होते हैं।”
नागल ने स्वीकार किया कि निर्णायक पलों में उनका प्रतिद्वंद्वी थोड़ा बेहतर साबित हुआ। उन्होंने कहा, ‘‘वह मुझसे थोड़ा बेहतर था। मैंने अपना पूरा प्रयास किया। यह एक सीखने वाला अनुभव है।’’
नागल ने शुरुआती सेट में 0-6 की हार का कारण चोट की वजह से मैच अभ्यास की कमी को बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं कुछ सप्ताहों से नहीं खेला था, इसलिए 100 प्रतिशत नहीं था। चोट से वापसी के बाद शुरुआत में दिमाग पूरी तरह मैच में नहीं होता।’’
उन्होंने कहा कि स्कोरलाइन भले ही 0-6 दिखे लेकिन यह सेट इतना एकतरफा नहीं था। उन्होंने कहा, ‘‘लगभग सभी गेम ड्यूस पर गए। कई गेम पॉइट थे। अगर पहला गेम पॉइंट जीत जाता, तो शायद पहला सेट अलग होता। 0-6 से हारना मेरे लिए भी चौंकाने वाला था।”
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


