नीरू ढांडा ने ट्रैप स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक उम्मीद जगाई

नीरू ढांडा ने ट्रैप स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक उम्मीद जगाई

नीरू ढांडा ने ट्रैप स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक उम्मीद जगाई
Modified Date: September 28, 2026 / 06:59 pm IST
Published Date: September 28, 2026 6:59 pm IST

(अजय मसंद)

नागोया, 28 सितंबर (भाषा) भारतीय महिला शॉटगन निशानेबाज और विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर काबिज नीरू ढांडा ने सोमवार को एशियाई खेलों में महिला ट्रैप स्पर्धा के क्वालीफाइंग राउंड में बढ़त हासिल करके व्यक्तिगत वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद बढ़ा दी। अब तक कोई भी भारतीय महिला खिलाड़ी इस स्पर्धा में सोने का तमगा नहीं जीत पाई है।

लोनाटो में आईएसएसएफ विश्व कप में शॉटगन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने के बाद 26 वर्षीय नीरू ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए खुद को स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार बना दिया है।

नीरू ने रविवार को अपने दोनों राउंड में 24-24 का स्कोर बनाया था और सोमवार को भी उन्होंने अपनी लय बरकरार रखते हुए 24 और 23 का स्कोर बनाया, जिससे चार राउंड के बाद उनका कुल स्कोर 95 हो गया। वह कतर की बासिल रे से एक अंक आगे हैं। तीन अन्य निशानेबाजों के 93 अंक हैं, जिससे क्वालीफाइंग के अंतिम दिन से पहले मुकाबला रोमांचक बना हुआ है।

सभी निशानेबाज मंगलवार को 25 शॉट के पांचवें और अंतिम राउंड में भाग लेंगे जिसके बाद शीर्ष आठ खिलाड़ी फाइनल में पहुंचेंगे। हरियाणा के जींद जिले की सेना में नायब सूबेदार नीरू, मनीषा कीर और आशिमा अहलावत के साथ मिलकर टीम पदक के लिए भी भारत की अगुवाई करेंगी।

मनीषा और आशीमा दोनों 84 के समान स्कोर के साथ 20वें स्थान पर हैं, जिससे भारत का कुल स्कोर 263 हो गया है और वह टीम तालिका में तीसरे स्थान पर है। चीन 278 अंकों के साथ पहले, जबकि कुवैत 265 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है।

महिला ट्रैप स्पर्धा में केवल छह टीमें भाग ले रही हैं इसलिए भारत पदक की दौड़ में बना हुआ है।

इसी बीच युवा भारतीय निशानेबाज शपथ भारद्वाज पुरुषों के ट्रैप क्वालीफाइंग में पहले दिन के निराशाजनक प्रदर्शन से उबरते हुए चार राउंड के बाद संयुक्त पांचवें स्थान पर पहुंच गए।

रविवार को 24 और 21 का स्कोर बनाने के वाले शपथ ने सोमवार को जोरदार वापसी करके 25 के दो परफेक्ट राउंड खेलकर अपना कुल स्कोर 95 तक पहुंचा दिया है।

चीनी ताइपे के यांग कुन पी 98 अंकों के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद चीन के क्यूई यिंग 97 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। कुवैत के अनुभवी खिलाड़ी तलल अलराशिदी और खालिद अलमुधाफ 96-96 अंकों के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर हैं, जबकि शपथ चार अन्य निशानेबाजों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

भारत के अन्य निशानेबाजों में काइनन चेनाई 91 अंकों के साथ संयुक्त 16वें, जबकि अहवर रिजवी 87 अंकों के साथ संयुक्त 31वें स्थान पर हैं।

शपथ, काइनन और रिजवी का संयुक्त स्कोर 273 है और वह टीम रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं। कुवैत 287 अंकों के साथ सबसे आगे है।

भाषा

पंत मोना

मोना


लेखक के बारे में