जीत के बाद जश्न में डूबा नॉर्वे, प्रशंसकों के नूरे नजर बने हालैंड
जीत के बाद जश्न में डूबा नॉर्वे, प्रशंसकों के नूरे नजर बने हालैंड
ईस्ट रदरफोर्ड, छह जुलाई (एपी) पांच बार के चैम्पियन ब्राजील पर 2 . 1 से मिली जीत में दोनों गोल करने वाले एर्लिंग हालैंड का मन नॉर्वे की गलियों में घूम रहा है जहां हजारों की तादाद में फुटबॉलप्रेमी साथ में ‘वाइकिंग रो’ जश्न मना रहे हैं ।
हालैंड ने इस असाधारण जीत के बाद कहा ,‘‘ नॉर्वे की सड़कों को देखो । मैने पहले ऐसा कभी नहीं देखा । काश मैं ओस्लो में होता और उन लोगों के साथ जश्न मना रहा होता ।’’
लेकिन नॉर्वे फुटबॉल टीम के लिये अच्छा है कि वह अमेरिका में हैं और फीफा विश्व कप में दनादन गोल करके 55 लाख के करीब आबादी वाले अपने देश को जश्न मनाने के मौके लगातार दे रहे हैं ।
हालैंड के इस विश्व कप में अब अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी और फ्रांस के किलियान एमबाप्पे के समान सात गोल हो गए हैं ।
ओस्लो में टाउन हॉल के बाहर चौक पर करीब 50000 प्रशंसक मौजूद थे जिन्होंने गले में नॉर्वे फुटबॉल का स्कार्फ पहन रखा था । नॉर्वे के युवराज हाकॉन रॉयल पैलेस के बाहर प्रशंसकों से मिले और मैच के बाद ‘वाइकिंग रो’ में भी हिस्सा लिया ।
अब दुनिया भर में लोकप्रिय हुए ‘वाइकिंग रो’ में सभी प्रशंसक जमीन पर एक लाइन में बैठ जाते हैं, मानो वे किसी पुरानी ‘वाइकिंग लॉन्गबोट’ (समुद्री नाव) में बैठे हों। फिर एक लीडर ड्रम बजाना शुरू करता है। ड्रम की बीट के साथ हजारों फैंस एक साथ अपने हाथों से नाव चलाने का एक्शन करते हैं और पूरी ताकत से ‘रो!’ चिल्लाते हैं।
नॉर्वे टीम के घरेलू मैदान उलेवाल स्टेडियम में आतिशबाजी की गई जहां हजारों की संख्या में दर्शक मैच देखने के लिये मौजूद थे ।
कोच स्टेल सोलबाकेन ने कहा ,‘‘ पूरा देश साथ में नाव चला रहा है । ओस्लो समेत सभी शहरों में जश्न मनाया जा रहा है । ‘रोइंग’ इसका सूचक है कि हम सभी साथ साथ हैं ।’’
एपी
मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


