प्रिंस का पदार्पण पर शानदार प्रदर्शन, भारत ने आयरलैंड को आठ विकेट पर 154 रन पर रोका
प्रिंस का पदार्पण पर शानदार प्रदर्शन, भारत ने आयरलैंड को आठ विकेट पर 154 रन पर रोका
बेलफास्ट, 28 जून (भाषा) पहली बार टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहे प्रिंस यादव के तीन विकेट और शिवम दुबे के एक ओवर में दो विकेट की मदद से भारत ने रविवार को दूसरे टी20 मैच में आयरलैंड को आठ विकेट पर 154 रन पर रोक दिया ।
जब हैरी टेक्टर (47 गेंद में 53 रन ) और खतरनाक बेन कैलिट्ज (23 गेंद में 37 रन ) चौथे विकेट की साझेदारी में 65 रन जोडकर बड़े स्कोर की ओर बढ रहे थे, तभी दुबे ने लगातार दो गेंदों पर विकेट चटकाये । इससे आयरलैंड टीम अपेक्षित स्कोर नहीं बना सकी । दुबे ने तीन ओवर में 25 रन देकर दो विकेट चटकाये ।
अर्शदीप सिंह और यादव ने उनका बखूबी साथ दिया । दुबे ने पहले बेन को डीप में लपकवाया और फिर जेरेथ डेलानी को आफ कटर पर बोल्ड कर दिया । अपना सौवां मैच खेल रहे टेक्टर ने टी20 क्रिकेट में नौवां अर्धशतक जमाया लेकिन तेजी से रन नहीं बना सके ।
अक्षर पटेल ने चार ओवर में 28 रन दिये हालांकि उन्हें विकेट नहीं मिला ।
शुरूआत पहले मैच की तरह ही हुई जब भारत ने 50 रन के भीतर तीन विकेट चटका दिये थे लेकिन बीच के ओवरों का मेजबान बल्लेबाजों ने पूरा सदुपयोग किया ।
रोस एडेयर के आउट होने के बाद आये बेन ने खुलकर बल्लेबाजी की । इससे पहले आयरलैंड के तीन विकेट 48 रन पर गिर गए थे ।
पहला मैच खेल रहे सूर्यांश शेडगे ने एक ओवर में 22 रन दे डाले । हर्षित राणा ने तीन ओवर में 17 रन देकर एक विकेट लिया । उन्होंने हैरी के भाई टिम टेक्टर का विकेट अपनी झोली में डाला ।
एडेयर ने अर्शदीप की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में तिलक वर्मा को कैच थमाया । अर्शदीप ने चार ओवर में 35 रन देकर दो विकेट लिये ।
अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में वनडे क्रिकेट में पदार्पण करने वाले यादव ने चार ओवर में 22 रन देकर तीन विकेट चटकाये । उन्होंने पिछले मैच के नायक लोरकान टकर को विकेट के पीछे ईशान किशन के हाथों लपकवाया ।
भाषा मोना
मोना

Facebook


